सावधान…अरपा तट की जमीन पर कांग्रेसियों की नजर…अमर ने कहा…नए-नए प्रत्याशी उतर रहे शौक पूरा करने

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर— भाजपा प्रत्याशी अमर अग्रवाल ने गुरूवार को रविन्द्रनाथ टैगोर नगर, हेमु नगर, शंकर नगर, सदर बाजार, सुभाष नगर, गोड़पारा, मारवाड़ी लाईन, खपरगंज तथा तेलीपारा में मतदाताओं के घर आर्शीवाद मांगा। अग्रवाल ने जगह जगह चुनावी चौपाल को संबोधित भी किया। उन्होने कहा कि अरपा परियोजना में किसी की जमीन नहीं ली जायेगी। अरपा का ना केवल विकास किया जाएगा। बल्कि अरपा तट पर उन्हें अपनी जमीन पर खड़े होकर अनर्गल बयानबाजी करने वालों को मुंहतोड़ जवाब देने का मौका भी मिलेगा।
                      जन सम्पर्क के दौरान अमर ने कहा कि शहर को विकसित महानगर के रूप में खुबसूरत बनाने के लिए अरपा नदी के दोनों तटों पर रिवर व्यू की तरह कारीडोर बनाया जाएगा। आने वाले समय में न केवल शहर की सड़कों से यातायात का दवाब कम होगा। अमर ने कहा कि जिन कांग्रेसियों को योजना की जानकारी है उन्हें तकलीफ हो रही है कि कैसे जल्द से जल्द अरपा तट की जमीन गरीबों से हथिया लें। लेकिन उनके मंसूबों को मैने कामयाब नहीं होने दिया।
              अब यही लोग अरपा परियोजना को लेकर भूमि स्वामियों को डरा रहे है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने राजधानी को सवारने के बाद प्राथमिकता के साथ न्यायधानी को विकसित करने का फैसला लिया है। लोगों को मालूम होना चाहिए कि अरपा तट की जमीन बेशकीमती है। उन पर कांग्रसियों की नजर है। लेकिन उनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।
              कांग्रेस पर हमला बोलते हुए अग्रवाल ने कहा कि, ठीक चुनाव के समय नए-नए प्रत्याशी शौक पूरा करने के लिए चुनाव मैदान में उतरते है। चुनाव के बाद नेपथ्य में चले जाते है। बिलासपुर में ऐसा ड्रामा अक्सर देखने को मिलता है। लेकिन बिलासपुर की प्रबुद्ध जनता इनकी नौटंकी को अच्छी तरह से समझती है। जनता का विश्वास है कि विकास केवल भारतीय जनता पार्टी ही कर सकती है। कांग्रेस के चुनाव प्रचार अभियान में यूपी और बिहार के लोग देखे जा रहे हैं। निश्चित रूप से बिलासपुर की गंगा-जमुनी तहजीब को बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
             अमर ने कहा कि हमारा शहर कौमी एकता के लिए पूरे प्रदेश और देश में जाना जाता है। चुनाव में पहली बार जातीय ध्रुवीकरण करने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है। इससे सावधान रहने की जरूरत है।
close