सिम्स के साथ जिला अस्पताल में बड़ी सर्जरी..पात्रा और मधुलिका सिंह हटाए गए..मुख्यमंत्री ने दिया तत्काल आदेश

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

बिलासपुर—-  सिम्स की अव्यवस्थाओं और मेडिकल स्टाफ के बीच लगातार गुटबाजी के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री की रिपोर्ट पर बड़ी सर्जरी की है। सीएम ने बड़ा फैसला लेते हुए सिम्स के डीन और जिला अस्पताल की सिविल सर्जन  मधुलिका सिंह को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है।स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की रिपोर्ट पर मुख्यमंत्री ने सिम्स में बड़ी सर्जरी को अंजाम दिया है। मुख्यमंत्री ने एक आदेश जारी कर सिम्स के डीन पी.के.पात्रा और जिला चिकित्सालय की सिविल सर्जन मधुलिका सिंह को पद से हटा दिया है। मुख्यमंत्री ने आयुक्त बिलासपुर को सिम्स की अव्यवस्था के संबंध में प्राप्त रिपोर्ट पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आगामी 15 दिनों में सभी कमियों को दूर कराने के निर्देश दिए हैं।

             बताते चलें कि एक दिन पहले ही स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर पंकज सिंह की अगुवाई में सिम्स प्रबंधन के साथ व्यवस्था को लेकर बैठक की। साथ ही रिपोर्ट को स्वास्थ्य मंत्री भेजा गया। आज स्वास्थ्य मंत्री ने सिम्स और जिला चिकित्सालय वस्तुस्थिति से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने तत्काल प्रभाव से दोनो अधिकारियों को पद से हटा दिया है। बताते चलें कि मुख्यमंत्री ने दोनों अधिकारियों को हटाने का  फैसला विशेषकर कुछ दिनों पहले जांच करने पहुंची पांच सदस्यीय टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद लिया है। टीम ने सीएम को भेजे गए रिपोर्ट में लिखा है कि दुर्भाग्य की बात है कि कोरोना जैसी राष्ट्रीय आपदा के समय प्रदेश के दूसरे सबसे बड़े अस्पताल की स्थिति बद से बदतर है।

                   अपनी रिपोर्ट में कमेटी ने बताया कि सिम्स स्थित कोविड लैब में 32 तकनीशियन है। पांच की भर्ती होने वाली है। इसके बाद भी टेस्टिंग का काम एक शिफ्ट में चल रहा है। सिम्स में व्यवस्था बद से बदतर है। मरीजों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। कुछ इसी तरह की जानकारी एक दिन पहले बैठक के बाद टीएस सिंह देव के प्रतिनिधियों ने भी स्वास्थ्य मंत्री को दी।

             आदेश के अनुसार मधुलिका सिंह को एडी बनाकर अटैच किया गया है। जबकि पात्रा को पद से हटाकर कहीं रायपुर भेजा जा रहा है।      

close