सीएम रमन ने दी किसानों को नए शक्कर कारखाने की सौगात

Shri Mi
4 Min Read

5145 A♦मुख्यमंत्री बोले-व्यक्ति और समाज ठान ले तो कोई काम असंभव नहीं
♦प्रदेश का चोथा और कबीरधाम जिले का दूसरा शक्कर कारख़ाना
कबीरधाम।मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने शनिवार शाम कबीरधाम जिले के ग्राम बिशेषरा (विकासखण्ड-पंडरिया) में जिले के दूसरे और राज्य के चौथे सहकारी शक्कर कारखाने का लोकार्पण किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के कार्यो को बहुत ज्यादा गिनाने की जरूरत नहीं होती। कार्य स्वयं बोलता है, एक सड़क बनती है, तो वह जनता को अपने आप दिख जाती है। राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास के कार्य स्वयं बोल रहे हैं।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                                           मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नया कारखाना सहकारिता के आधार पर सिर्फ दस महीने के रिकार्ड समय में तैयार हो गया है। इस कारखाने के असली मालिक यहां के किसान हैं। मैं तो सिर्फ यह कारखाना उन्हें समर्पित करने आया हूं। उन्होंने कहा – कारखाने के संचालन के लिए सहकारी समिति का गठन किया गया है। यह शक्कर फैक्ट्री इस  समिति में शामिल 13 हजार से ज्यादा शेयर धारक किसानों की मिल्कियत है।

                                          डॉ सिंह ने इस नए कारखाने को मां लक्ष्मी की धरोहर बताया और कहा कि 160 करोड़ से ज्यादा लागत से निर्मित इस कारखाने का लाभ कबीरधाम सहित उसके पड़ोसी मुंगेली और बेमेतरा जिलों के लगभग 35 हजार किसानों को भी मिलेगा। तीनों जिलों के किसान यहां अपने गन्ने की फसल बेचकर लाभ अर्जित कर सकेंगे।इस कारखाने में शक्कर के साथ बिजली भी बनेगी।

                                        मुख्यमंत्री ने कहा कि यह शक्कर कारखाना इस बात का प्रमाण है कि व्यक्ति और समाज ठान ले तो कोई भी काम असंभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि इस कारखाने का निर्माण मार्च 2016 में शुरू हुआ था और एक साल से भी कम समय में, मात्र दस महीने के भीतर निर्माण पूर्ण हो गया। डॉ. सिंह ने कहा – कारखाने का नामकरण लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर किया गया है।

                                           बता दें कि राज्य में सहकारिता के क्षेत्र में वर्तमान में तीन शक्कर कारखाने संचालित हो रहे हैं। इनमें कबीरधाम जिले के ग्राम राम्हेपुर स्थित भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना, जिला बालोद के ग्राम करकाभाट स्थित मां दंतेश्वरी शक्कर कारखाना और जिला सूरजपुर के ग्राम केरता में संचालित मां महामाया सहकारी शक्कर कारखाना शामिल हैं।

                                      ग्राम बिशेषरा में लगभग 75 हेक्टेयर के रकबे में निर्मित और मुख्यमंत्री के हाथों आज लोकार्पित इस कारखाने का  मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने 14 दिसम्बर 2015 को भूमिपूजन और शिलान्यास किया था। निर्माण कार्य तीन मार्च 2016 से शुरू हुआ और सिर्फ दस महीने के रिकार्ड समय में पूर्ण कर लिया गया। यह कबीरधाम जिले का दूसरा और छत्तीसगढ़ राज्य का चौथा शक्कर कारखाना होगा।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close