सीयू मे शुरू हुआ ‘अक्स 2016’ का सांस्कृतिक महोत्सव

Shri Mi
4 Min Read

aksaबिलासपुर। वर्तमान समय में महिलाएं आर्थिक एवं राजनीतिक रूप से सशक्त हुईं हैं लेकिन उन्हें सामाजिक जीवन में भी सशक्त बनाने की जरूरत है। यह बात बिलासपुर शहर की यातायात पुलिस की डीएसपी मधुलिका सिंह ने गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित अक्स 2016 के शुभारंभ अवसर पर कहीं। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के रजत जयंती सभागार में मंगलवार को 10.30 बजे समाज विज्ञान एवं कला संकाय के संयुक्त तत्वाधान में सांस्कृतिक महोत्सव अक्स 2016 आयोजित किया गया। इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर अंजिला गुप्ता, कुलसचिव कार्यवाहक प्रोफेसर मनीष श्रीवास्तव, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर एसवीएस चौहान, समाज विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रोफेसर अनुपमा सक्सेना, कला संकायाध्यक्ष प्रोफेसर वीएस राठौड़ मौजूद रहे।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                         कार्यक्रम की मुख्य वक्ता क रूप में सुश्री मधुलिका सिंह ने कहा कि सामाजिक सशक्तिकरण के लिए शिक्षा आवश्यक है ऐसे में राष्ट्र एवं समाज निर्माण में शिक्षकों का योगदान एवं जिम्मेदारी बढ़ जाती है। उन्होंने कार्यस्थल पर आने वाली विभिन्न चुनौतियों एवं प्रकरणों के जरिये भी महिला दिवस के अवसर पर गहराई के साथ अपनी बात रखी। यातायात के नियमों और लाइसेंस के लिए जल्दी ही एक जागरुकता शिविर लगाने की बात भी उन्होंने अपने संबोधन के दौरान कही।

                          अक्स 2016 कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रोफेसर अंजिला गुप्ता ने कहा कि सांस्कृतिक महोत्सव का शीर्षक प्रेरणा देने वाला है। उन्होंने कहा कि स्वयं से बढ़कर कोई प्रेरणास्त्रोत नहीं हो सकता ऐसे में सकारात्मक ऊर्जा के लिए क्षमता में विकास कीजिये और सुबह हंसते हुए दिन की शुरुआत करें। उन्होंने कहा कि हमारे देश में आदिकाल से ही महिलाओं का उच्च स्थान है। ऐसे में समाज के विभिन्न वर्गों को साथ मिलकर राष्ट्र की प्रगति में कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करना होगा। इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर गुप्ता ने सुश्री मधुलिका सिंह का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया।

                         इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय में जारी विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों जिनमें कौशल विकाक प्रकोष्ठ एवं ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा संचालित जैविक खाद और काष्ठ कला के साथ कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग में वाणिज्य एवं प्रबंध के छात्रों के लिए टैली एकाउंटिंग साफ्टवेयर की ट्रेनिंग शामिल है का विशेष रूप से जिक्र किया।

                 इससे पहले अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर एसवीएस चौहान ने विश्वविद्यालय द्वारा छात्रों को दी जाने वाली विभिन्न सुविधाओं एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई। साथ ही कुलपति महोदया को विद्यार्थियों के सजृनात्मक कार्यों में सतत् शरीक होने की भी सराहना की। इसके पश्चात बीए द्वितीय वर्ष के सौरभ पांडे, दक्ष पांडे और अजय सिंह ने महिला दिवस के अवसर पर ओ री चिरइया गाने पर अपनी प्रस्तुति दी। अक्स 2016 में पहले दिन फोटोग्राफी, कविता, अभिनय, बेस्ट ऑउट ऑफ द वेस्ट, क्लेहोलिक, चित्रकला, ब्यूटी विथ ब्रेन, ट्रेजरहंट, ब्रेन गेम्स और रंगोली जैसे खेलों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सेदारी की। इसी क्रम में 9 मार्च को प्रात: 10 बजे से डांस एवं 2 बजे से तरंग बैंड अपनी प्रस्तुति देगा साथ ही विजेताओँ को पुरस्कार वितरण भी होगा।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close