सुराज अभियान में तेजी…दिव्यांग को आज भी आवास का इंतजार

BHASKAR MISHRA
4 Min Read

COLLECTORATEबिलासपुर—निगम से गांव स्तर तक लोक सुराज अभियान को लेकर अधिकारी पसीना बहा रहे हैं। बैठक ली जा रही है। लोगों को शिकायत और मांग को लेकर आवेदन भरने का हुनर सिखाया जा रहा है। सुराज अभियान के पहले चरण की शुरुआत 26 फरवरी से शुरू हो चुकी है। 28 फरवरी तक शिकायत और मांग पत्र लिए जाएंगे।  सालों पहले लोक सुराज अभियान की समस्या आज भी नहीं सुलझी है। जोगीपुर गांव के दिव्यांग युवक ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर एक बार फिर इंदिरा आवास के तहत आशियाने की मांग की है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                              सुराज अभियान को सफल बनाने जिला के आलाधिकारी धुंआधार दौरा कर रहे हैं। जगह जगह शिकायत बॉक्स लगाया गया है। अधिकारीगण जनता की समस्याओं और शिकायतों को बाक्स में डलवा रहे हैं। पहले चरण की समाप्ति के बाद बाक्स को खोला जाएगा। आवेदनों को संबधित विभाग तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद विभाग स्तर पर शिकायतों का निराकरण किया जाएगा।

कहीं तेजी तो कहीं मंदी

                 नगर निगम क्षेत्र में सुराज अभियान को लेकर दूसरे दिन बहुत अधिक उत्साह नहीं देखने को मिला। 66 वार्डों में आवेदनों में कहीं मंदी तो कहीं तेजी का रिकार्ड दर्ज किया गया। अधिकांश वार्ड में आवेदनों की औसत संख्या 25  से अधिक नहीं देखने को मिला। कई वार्डों में तो शिकायत का खाता भी नहीं खुला। सबसे ज्यादा आवेदन वार्ड क्रमांक 1 में दर्ज किया गया।

क्यों दे आवेदन

                     मध्यनगरी,तालापारा,चांटापारा,दयालबंद,चांटीडीह के लोगों ने बताया कि जब होना जाना कुछ नहीं है आवेदन क्यों दे…। सालों से सुराज अभियान देख रहे हैं। अभी तक पुराने आवेदनों का ही निराकरण नहीं किया गया है।  कुछ लोगों ने बताया कि समाधान शब्द जोड़कर सुराज अभियान को नया बनाने का प्रयास किया गया है। यदि अधिकारी लोग साल भर ईमानदारी से काम कर दें…तो सुराज अभियान की जरूरत ही नहीं होगी।

सात साल से आवास का इंतजार

                     सुराज अभियान लहर के बीच पुराने मामले भी सामने आए। जोगीपुर गांव के दिव्याग ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर इंदिरा आवास की मांग की है। दिव्यांग अनित राम ध्रुव ने बताया कि सात साल पहले सुराज अभियान में ही सरकार ने आवास देने का एलान किया था। बावजूद इसके आज तक आवास नहीं मिला। एक बार फिर कलेक्टर से इंदिरा आवास योजना के तहत आवास मांगने आया हूं। यदि कहेंगे तो लोकसुराज अभियान में अपनी शिकायत को सामने रखूंगा।

प्रचार प्रसार की कमी

                    नगर के सीमान्त क्षेत्रों के लोगों ने बताया कि सुराज अभियान में क्या कुछ होना है इसकी जानकारी उन्हें आज ही मिली है। इस बार सुराज अभियान के बारे में प्रशासन ने ठीक से प्रचार प्रसार नहीं किया। जिसके चलते उन्हें ठीक ठाक जानकारी नहीं है। आज मुनादी के बाद मालूम हुआ कि लोक सुराज अभियान 26 फरवरी से शुरू हो गया है।

चार सौ आवेदन

            नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि कि अब तक निगम के पास करीब 4 सौ से अधिक आवेदन मिले हैं। अधिकांश मामले आवास को लेकर है। आवेदनों पर विचार विमर्श किया जाएगा। 48 दिन समाधान शिविर में आवेदनों के निराकरण की जानकारी दी जाएगी।

close