हर व्यक्ति ले स्वच्छता की जवाबदारी-वैकेया

Shri Mi
3 Min Read

34बिलासपुर।शहरी स्वच्छता में सुधार लाने के लिए नगरों में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शहरी विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। शहरी विकास मंत्री वैकेया नायडू ने वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता को एक जनआंदोलन बनाकर लोगों में जागरूकता लानी है।  इस राष्ट्रीय कार्यशाला में वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से बिलासपुर नगर निगम के महापौर किशोर राय, कलेक्टर अन्बलगन पी. सहित पार्षद एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया। वेंकइया नायडू ने अपने संबोधन में कहा कि ’सब कार्य सरकार करेगा हम बेकार बैठेंगे तो भी चलेगा’ यह मानसिकता हम लोगों में आ गई है। इस मानसिकता को हटाकर हर व्यक्ति को स्वच्छता की जवाबदारी लेनी होगी।
                                         मीडिया भी इसे एक सामाजिक उत्तरदायित्व के रूप में देखें और लोगांे को जागरूक करने के लिए कार्य करें। देश की विशाल जनसंख्या के हर वर्ग भाषा, धर्म लोगों तक पहुंचने के लिए मीडिया बड़ा माध्यम है। उन्होंने मीडिया से इस अभियान में जुड़ने का अनुरोध किया। नायडू ने बताया कि सर्वेक्षण 2017 का उद्देश्य कस्बों और शहरों को रहने का बेहतर स्थान बनाने के लिए सभी की भागीदारी को बढ़ावा देना तथा समाज की सभी वर्गों में जागरूकता पैदा करना है। सर्वेक्षण से शहरों को स्वच्छ बनाने में और नागरिकों को प्रदान की जाने वाली सेवाओं में सुधार व शहरों व कस्बों में स्वच्छ प्रतिस्पर्धा जागृत करने में मदद मिलेगी। उन्होंने सर्वेक्षण 2017 के साथ-साथ मोबाइल पर स्वच्छता एप को लाॅच किया। साथ ही प्रकाशित पुस्तिका का विमोचन भी किया।
                                     कार्यशाला में महापौर किशोर राय ने कहा कि सर्वेक्षण का कार्य सरकार के गाईड लाईन के अनुसार नगर निगम बिलासपुर द्वारा किया जा रहा है। सफाई के क्षेत्र में बिलासपुर का प्रथम स्थान है। घर-घर मंे शौचालय का कार्य चल रहा है। शहर में 3700 शौचालय बनाने का लक्ष्य है जिसके विरूद्ध ढाई हजार शौचालय बनाये जा चुके हैं। बिलासपुर को स्वच्छ और स्मार्ट बनाने के लिए जनप्रतिनिधि और नागरिक मिलकर कार्य करेंगे।
कलेक्टर अन्बलगन पी. ने कहा कि बिलासपुर को स्वच्छ बनाने के लिए कचरों का उचित निष्पादन करना होगा। जिसके लिए कार्ययोजना बनाई गई है। स्वच्छता के लिए सभी को मिलजुलकर कार्य करना होगा।
नगर निगम को अपने सेवाओं को बेहतर बनाने और नागरिकों को इसमें सहयोग करने की जरूरत है। उन्होंने स्वच्छता के लिए नगर निगम में हेल्प डेस्क बनाए जाने की बात कही।

Join Our WhatsApp Group Join Now
By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close