एक मात्र सीट के लिए 52.38 मतदान..दोनो दलों के नेताओं में हुई जमकर झूमा झटकी..प्रत्याशियों ने किया जीत दावा..23 को खुलेगा भाग्य का पिटारा

BHASKAR MISHRA
4 Min Read
बिलासपुर—परम्परागत दोनो दलों के विपक्षी नेताओं के बीच हल्की पुल्की तकरार के साथ ही वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर वार्ड में उप चुनाव शांति के साथ सम्पन्न हुआ। देर शाम तक मतदाताओं ने अपने मतों का प्रयोग किया। कयास लगाया जा रहा था कि कांग्रेस के लोकप्रिय नेता शेख गफ्फार के निधन के बाद खाली पार्षद सीट के लिए रिकार्ड तोड़ मतदान होगा। लेकिन मतदान का प्रतिशत 52.38 प्रतिशत मतदान तक सिमट गया है।
 
                        पूरे प्रदेश में एक साथ नगरीय निकाय उप चुनाव के लिए मतदान हुआ। बिलासपुर स्थित वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर पार्षद उप-चुनाव के लिए लोगों ने मतदान किया। निगम सरकार में कांग्रेस का कब्जा है। कांग्रेस संगठन ने शेख गफ्फार के भाई शेख असलम को  मैदान में उतारा। भाजपा ने राजेश रजक को प्रत्याशी बनाया। जैसा की कयास लगाया जा रहा था कि मुकाबला एक तरफा होगा। लेकिन नामांकन दाखिल करने के बाद जैसे जैसे चुनाव की तारीख करीब आता गया। भाजपा के साथ कांग्रेस नेताओं ने धुआंधार प्रचार किया।
 
अनुमान से कम मतदान
 
       कयास लगाया जा रहा था..कि शेख गफ्फार के निधन के बाद खाली पार्षद सीट के लिए रिकार्ड तोड़ मतदान होगा। लेकिन ऐसा कुछ होते दिखाई नहीं दिया। दोपहर बाद लोग मतदान करने निकले। अंतिम मत डालने के साथ जिला मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि वार्ड में कुल 52.38 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया।
 
             अंतिम वोट डाले जाने के बाद भाजपा ने जहां जीत का दावा किया। वहीं कांग्रेस नेताओं ने एक तरफा जीत की बात कही।
 
दोनों दलों के नेताओं के बीच झूमा झटकी
 
        मतदान के दौरान कांग्रेस नेताओं के बूथ के अन्दर प्रवेश करने को लेकर भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच तू-तू मै मै का नजारा देखने को मिला। खासकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। किस्सा कुछ इस तरह है। मतदान केन्द्रों की स्थिति का जायजा लेने विधायक शैलेष पांडेय, महापौर रामशरण यादव बूथ के अंदर पहुंचे। जानकारी के बाद पूर्व मेयर किशोर राय निगम नेता प्रतिपक्ष अशोक विधानी और समर्थकों ने कांग्रेस नेताओं के बूथ के अन्दर जाने को लेकर विरोध किया। इसके पहले स्थिति कुछ संभलती भाजपा नेताओं ने जमकर हंगामा किया। इसके बाद अपने नेता के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी हंगामा को लेकर मोर्चा संभाला। इस दौरान दोनों दलों के नेताओं के बीच जमकर कहासुनी हुई। नौबत झूमाझटकी तक पहुंच गयी। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान पुलिस ने मोर्चा संभालकर स्थिति को सामान्य बनाया।
 
कैसा रहा मतदान का रूझान
 
              निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्र. 29 के पार्षद पद के लिए हुए उपचुनाव में मतदाताओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। खासकर बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के बीच मताधिकार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। उप निर्वाचन में मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हुआ। दोपहर 12 बजे तक 24.02 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। दोपहर 1 बजे तक 29.49 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोपहर 3 बजे तक 40.41 प्रतिशत लोगों ने अपने अधिकार का उपयोग किया।  शाम 5 बजे तक 52.38 प्रतिशत मतदान हुआ। मतगणना 23 दिसम्बर को सुबह 9 बजे से बर्जेश इंग्लिश मीडियम स्कूल में होगी।
close