53 प्रकरणों का तत्काल निराकरण..निगम आयुक्त

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

2बिलासपुर— सरकारी योजनाओं और नीतियों को जन जन तक पहुंचाने नगर निगम ने आज त्रिवेणी सामुदायिक भवन में लोक सुराज अभियान शिविर लगाया। 11, 12 और 14 के वार्डवासियों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। शिविर में नगर निगम के विभिन्न विभागों के अलावा अन्य शासकीय महकमों के अधिकारी उपस्थित थे।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                    नगर निगम ने आज लोकसुराज अभियान के तहत वार्ड 11,12 और 14 के लिए व्यापार विहार स्थित त्रिवेणी भवन में शिविर लगाया। शिविर में निगम कर्मचारी और अधिकारी के अलावा अन्य  विभागों के कर्मचारी उपस्थित हुए। अधिकारियों को नागरिकों ने समस्याओं को लेकर आवेदन पत्र दिया। शिविर में कुल 74 आवेदनों को शामिल किया गया। जिसमें से मण्डल विभाग में एक, जनकार्य/योजना प्रकोष्ठ में 10, स्वास्थ्य विभाग संबंधित 5, प्रकाश विभाग में एक , जल विभाग से संबंधित तीन , राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के एक आवेदन शामिल हैं। अधिकारियों ने 53 प्रकरणों का तत्काल निराकरण किया।

                       निगम के स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन ने शिविर के दौरान 53 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवाईयों का वितरण किया। निगम की टीम ने वार्डो का भ्रमण कर कचरा ठिकाने लगाया। इस दौरान नालियों की सफाई भी की गयी। बिजली विभाग ने वार्ड क्रमांक 11 में स्ट्रीट लाईट बंद होने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए 15 पोल की लाईट को सुधारा।

             निगम आयुक्त रानू साहू ने बताया कि वार्ड क्रमांक 12 में 14 विद्युत पोलों में लाईट बंद होने की शिकायत मिली थी।  उन्हें भी सुधार और मरम्मत के बाद चालू कर दिया गया है। लोक सुराज अभियान शिविर निरीक्षण के दौरान रानू साहू ने बताया कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों से लगातार सम्पर्क में रहते हुए समस्याओं को तत्काल निराकरण करने का निर्देश दिया है। उन्होने बताया कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश है कि कोई भी शिकायत पेन्डेसी में ना डाला जाए। समस्याओं का तत्काल निराकरण हो। कमोबेश  ऐसा हो भी रहा है। अभी तक कार्यवाही को लेकर किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिल रही है।

                     निगम कमिश्नर ने बताया कि शिविर में महिला एवं बाल विकास अधिकारी विभागीय योजनाओं की जानकारी लोगो को दी है। लोग शिविर को गंभीरता से लेते हुए अपनी समस्याओं को सामने आ रहे हैं। हमारा भी प्रयास है कि कोई भी काम कल पर ना टाला जाए। शिविर में मेयर इन कौंसिल सदस्य उमेषचंन्द्र कुमार, पार्षद संजय गुप्ता, मंजीत पुरी गोस्वामी और लक्ष्मीनारायण कश्यप , समेत अधीक्षण अभियंता भागीरथ वर्मा, उपायुक्त टामसन रात्रे, नोडल अधिकारी कार्यपालन अभियंता पी.के.पंचायती, यूजीन तिर्की, स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. ओंकार शर्मा, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी नरेन्द्र चौहान, सहायक अभियन्ता सुरेश शर्मा, डाॅ. अशोक दीक्षित और विभिन्न विभागों के अधिकारी,कर्मचारी उपस्थित थे।

close