53 हजार किसानों को मिलेगा कर्जमाफी का फायदा….किसानों ने कहा…दूर हुई चिंता…अब उतर जाएगा कर्ज

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर— जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार ऋण माफी और समर्थन मूल्य बढ़ने से किसानों में उत्साह का वातावरण है। ऋणमाफी और बढ़े हुए समर्थन मूल्य का फायदा जिले के करीब 53 हजार से अधिक किसानों को मिलेगा। बहरहाल मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के बाद मँडियों में धान की आवक बढ़ गयी है। किसानों के परिवार के चेहरे खुशी से खिल उठे हैं।
                     जिला प्रशासन का दावा है कि कर्जमाफी और समर्थन मूल्य में बृद्धि के बाद मंडियों में धान की आवक तेज हो गयी है। किसानों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। बोदरी सेवा सहकारी समिति में धान बेचने पहुंचे किसान घोष ने बताया कि 5 एकड़ 64 डिसमिल खेत में धान की फसल ली है।  परिवार होने के कारण आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। परिवार के भरण-पोषण के अलावा  6 बेटे और 1 बेटी की पढ़ाई का खर्चा भी रहता है। बेटी अंजनी बीएससी कर चुकी है। बहुत दिनों से उसकी शादी की सोच रहा था। लेकिन पैसे ना होने की वजह से दिक्कत आ रही थी। लेकिन अब सरकार के ऋणमाफी के फैसले से सारी चिंता दूर हो गयी है। घोष ने बताया कि सरकार ने 25 सौ रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने का फैसला कर किसानों को बहुत बड़ा तोहफा दिया है। पहले धान बेचने के बाद जो पैसा आता था उससे कर्ज बड़ी मुश्किल से चुका पाते थे। बचत होने का सवाल ही नहीं था। लेकिन अब हमारी आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर होगा।
                                   बोदरी के ही किसान रामेश्वर ने बताया कि उस पर जौंधरा में लगभग 50 हजार रूपये का कर्ज है। कर्ज चुकाने के लिये उनके पास खेती के अलावा कोई साधन नहीं है। सरकार के कर्ज माफी के निर्णय से बहुत राहत मिली है। रामेश्वर ने कहा कि 40 क्विंटल धान बेचा है। समर्थन मूल्य 25 सौ रुपये प्रति क्विंटल हो जाने से आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर होगी।
                मालूम हो कि कर्ज माफी के निर्णय से बिलासपुर जिले के लगभग 53 हजार किसानों के लगभग 200 करोड़ रूपये के अल्प कालीन कृषि ऋण माफ होंगे। 25 सौ रूपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का भुगतान की घोषणा के बाद किसानों में भारी उत्साह का माहौल है।
TAGGED: , , ,
close