कम्युनिटी पुलिसिंग में सराहनीय कार्य, महासमुंद एसपी को उपराष्ट्रपति ने किया सम्मानित

Shri Mi
2 Min Read

रायपुर।उप राष्ट्रपति वैंकेया नायडू ने नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में पुलिस अधीक्षक महासमुंद संतोष कुमार सिंह को महासमुंद जिले में पुलिस द्वारा किए गए अच्छे कार्यों के लिए सम्मानित किया।विज्ञान भवन में इन्टरेक्टीव फोरम ऑफ इंडियन इकॉनॉमी (आई.एफ.आई.ई.) के तत्वावधान में यह अवार्ड वितरण समारोह कल आयोजित किया गया। आई.एफ.आई.ई. संस्था द्वारा इसी साल से चैम्पियन ऑफ चेंज अवार्ड देने की शुरूआत की गई है। यह सम्मान देश भर के 115 आशावादी जिलों के विकास और स्वच्छता अभियान में अहम योगदान देने वाले व्यक्तियों को दिया गया।

Join Our WhatsApp Group Join Now

पुलिस अधीक्षक महासमुंद को यह अवार्ड महासमुंद जिले में पुलिस द्वारा किए जा रहे कम्युनिटी पुलिसिंग के सकारात्मक प्रयासों, विशेषकर बच्चों को सशक्त बनाने के लिए किए गए उपायों, संवेदनशीलता और उनके प्रति अपराध में कमी लाने के प्रयासों के लिए प्रदान किया गया है।

सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश के. जी. बालाकृष्णन की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा अवार्ड के लिए व्यक्तियों का चयन किया गया।

छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक डी. एम. अवस्थी से आज यहां पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक महासमुंद संतोष सिंह ने मुलाकात की और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर मिले सम्मान की जानकारी दी। श्री अवस्थी ने महासमुंद पुलिस अधीक्षक को बधाई देते हुए कहा कि पुलिस विभाग के लिए यह सम्मान गर्व की बात है।

डीएम अवस्थी ने कहा कि महासमुंद जिले के पुलिस विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से महासमुंद जिले को गौरवशाली सम्मान प्राप्त हुआ है। इसके लिए महासमुंद जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि राज्य के अन्य सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक इससे प्रेरणा लेंगे और अपने जिलों में सामूहिक प्रयासों से अच्छी पुलिसिंग का उदाहरण प्रस्तुत करेंगे।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close