बीजेपी नेता संजय श्रीवास्तव का आरोप – प्रमोद दुबे विफल महापौर, राजधानी बदहाल

Shri Mi
4 Min Read
congress,bjp attack on congress,chhattisgarh,bhupesh baghel,cg,newsरायपुर। रायपुर नगर निगम की बदहाल व्यवस्था और महापौर प्रमोद दुबे की निष्क्रियता को लेकर नगर निगम के पूर्व सभापति व प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि महापौर प्रमोद दुबे रायपुर शहर की जनता को मूलभूत सुविधा तक उपलब्ध करवा पाने में पूर्ण रूप से विफल साबित हुए है। उन्होंने शहर में फैल रहे पीलिया के लिए भी महापौर को सीधे जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि आज नगर निगम ज़ोन 2 के साहू पारा, फाफाडीह क्षेत्र में पीलिया के मरीज पाए गये है।
इससे पूर्व अप्रैल में पंडरी, मोवा, काँपा लोधिपारा में पीलिया का प्रकोप फैला था। महापौर की निष्क्रियता और नगर निगम की लापरवाही के चलते आधा दर्जन लोगों को पीलिया से अपनी जान गवानी पड़ी थी। तब महापौर ने सक्रियता और सजगता नही दिखाई जिसका परिणाम आज फिर पीलिया जैसी गंभीर जानलेवा बीमारी से शहर की जनता को भुगतना पड़ रहा है।
श्री श्रीवास्तव ने शहर में व्याप्त गंदगी, गंदगी से सराबोर नुक्कड़, नाले और नालियों सहित गंदे पानी और उससे पनपने वाली बीमारियों के लिए राजधानी के निष्क्रिय महापौर प्रमोद दुबे को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही जल विभाग के अधिकारी को महापौर ने निलंबित कर अपनी 4 वर्षों की निष्क्रियता पर पर्दा डालने का असफल प्रयास किया। अपनी पीठ थपथपाई जिसकी पोल आज शहर में फैल रही पीलिया जैसी गंभीर बीमारियों ने खोल दी है।
पूर्व सभापति और प्रदेश भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि शहर की बद से बदतर व्यवस्था के लिए महापौर जिम्मेदार है। जनता ने उनपर इसी उम्मीद में विश्वास जताया था कि वे उनकी कम से कम मूलभूत आवश्यकताओं को उपलब्ध करा शहर की व्यवस्था को बेहतर कर राजधानी के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध करवाएंगे परंतु महापौर की निष्क्रियता और लापरवाही ने 4 वर्षों तक शहर को गंदगी बीमारी और दूषित जल के अलावा कुछ नही दिया।
अब जब महापौर के कार्यकाल के एक वर्ष शेष रह गए है।झूठे वादे कर जनता को छलने वाली कांग्रेस की सरकार है। महापौर अपनी निष्क्रियता पर पर्दा डालने एक दो अधिकारियों पर कार्यवाही की खानापूर्ति कर सक्रियता का ढोल पिट रहे है। उन्होंने महापौर से सवाल करते कहा कि आपकी सक्रियता तब कहां थी जब लोग पीलिया से मर रहे थे।
आधा दर्जन लोगों सहित दो गर्भवती महिलाओं की भी मौत हो गयी थी तब आप कहाँ थे । आज जब शहरवासी गंदा पानी पीने मजबूर है। इन सभी सवालों का जवाब अब जनता आपको जल्दी देगी । श्री श्रीवास्तव ने निगम अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द से जल्द शहर की बदहाल व्यवस्था सुधारें और पीलिया जैसी बीमारी को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पीड़ितों तक मदद पहुंचाते हुए भविष्य में इस गंभीर बीमारी के रोकथाम की उचित व्यवस्था करते हुए इस बात का भी ध्यान रखें कि शहर की जनता तक स्वच्छ जल पहुंचे और सफाई व्यवस्था बेहतर हो।
By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close