कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा-दमन से नही दब सकती लोगो की आवाज़,सरकार पर साधा निशाना,वीडियो सन्देश में कही ये बात

Shri Mi
2 Min Read

नईदिल्ली।कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा है कि लोकतंत्र में लोगों को सरकार की गलत नीतियों और निर्णय के विरुद्ध आवाज उठाने का पूरा हक है लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जनता की आवाज दबाने के लिए दमन का रास्ता चुना है।
श्रीमती गांधी ने शुक्रवार को यहां जारी एक वीडियो संदेश में नागरिकता संशोधन कानून को भेदभावपूर्ण बताया और कहा कि नोटबंदी की तरह लोगों को एक बार फिर अपनी एवं अपने पूर्वजों की नागरिकता साबित करने के लिए लाइन में खड़ा होना पड़ेगा। इससे गरीबों तथा कमजोरों को सबसे ज्यादा नुकसान होगा इसलिए लोगों की चिंता जायज है। इस मुद्दे पर कांग्रेस लोगों के साथ खडी है और जनता के हितों के लिए प्रतिबद्ध है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

उन्होंने कहा कि यह चिंता की बात है कि इस कानून के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों, युवाओं और नागरिकों के साथ क्रूरता हाे रही है और उनका दमन किया जा रहा है। विश्वविद्यालयों तथा अन्य संस्थाओं मेें छात्रों द्वारा इस कानून का स्वाभाविक विरोध हो रहा है और लोगों को सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने का अधिकार है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार का दायित्व है कि वह लोगों की आवाज दबाने के बजाए उसे सुने लेकिन दुखद स्थिति यह है कि भाजपा सरकार ने लोगों की आवाज को नजरअंदाज किया है। यही नहीं उनकी आवाज को दबाने के लिए बर्बरता से ताकत का इस्तेमाल किया है। लोकतंत्र में यह स्वीकार्य नहीं है और कांग्रेस केन्द्र सरकार के इस व्यवहार की निंदा करती है।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close