नए साल का जश्न और तैयारी..पुलिस निगरानी में होंगे कार्यक्रम..अतिरिक्त पुलिस कप्तान ने दिया संचालकों को निर्देश

BHASKAR MISHRA
2 Min Read
बिलासपुर—- नए साल का जश्न की तैयारी के पूर्व पुलिस कप्तान के निर्देश पर हॉटल मालिकों के साथ पुलिस विभाग की बैठक हुई। बैठक के दौरान पुलिस प्रशासन की तरफ से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश शर्मा ने संचालकों को कुछ जरूरी दिशा निर्देश दिए। संचालकों को बताया कि कार्यक्रमों का आयोजन पुलिस दिशा निर्देश पर किया जाए। आम जनता को होने वाली असुविधाओं को हरगिज माफ नहीं किया जाएगा।
 
                   नए साल की लोगों को बेसब्री से इंतजार है। पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। इसी क्रम में गुरूवार को बिलासागुड़ी में पुलिस प्रशासन और हॉटल संचालकों के बीच बैठक हुई। इस दौरान पुलिस कप्तान प्रशांत अग्रवाल के दिशा निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश शर्मा ने हॉटल संचालकों के सामने जरूरी दिशा निर्देश को सामने रखा।
 
                 बैठक के दौरान ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि नए साल के स्वागत में कमोबेश सभी लोग जश्न मनाएंगे। इस दौरान कई आयोजन होंगे। लेकिन आयोजन स्थल पर समुचित पार्किंग व्यवस्था रखना जरूरी होगा। साथ ही यातायात को सुगम बनाने में आयोजकों को सहयोग भी करना होगा। यदि आयोजन में बाहरी कलाकारों को बुलाया जाता है तो उसकी जानकारी पुलिस को देनी होगी। उन स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा किए जाऐँगे। बड़े आयोजनों पर सीसीटीवी कैमरा लगाना जरूरी है।कार्यक्रम निर्धारित समय के बाद बंद करना ही होगा। लोगों के निकलने तक समुचित व्यवस्था की जवाबदारी आयोजकों की होगी।
 
             हॉटल संचालकों को ओपी शर्मा ने बताया कि डीजे और वाद्य यंत्र को लेकर आयोजकों को  न्यायालय के निर्देशों का पालन करना होगा। बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन आर्यन यादव उप पुलिस अधीक्षक यातायात विश्व दीपक त्रिपाठी और शहर के थाना प्रभारियों के अलावा शहर के सभी होटल संचालक और आयोजक मौजूद थे। 
close