छत्तीसगढ़ के तीसरे हॉकी स्टेडियम का लोकार्पण किया मुख्यमंत्री ने

cgwallmanager
3 Min Read

HOCKYCM1रायपुर। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज धनतेरस के शुभ अवसर पर राजधानी रायपुर में सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम का लोकार्पण किया। लगभग 18 करोड़ रुपए की लागत से रिकार्ड चार माह में विश्व स्तरीय सुविधा वाले इस एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम का निर्माण किया गया है। मुख्यमंत्री ने लोकार्पण समारोह में इस अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की।
डॉ. सिंह ने समारोह में राज्य के नौ अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों का खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से सम्मानित भी किया। विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित लोकार्पण समारोह में विशेष अतिथि के रूप में रायपुर के लोकसभा सांसद श्री रमेश बैस, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री भईयालाल राजवाड़े, कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत, महिला एवं बाल विकास मंत्री रमशीला साहू, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष कमलचंद भंजदेव, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. नरेन्द्र बत्रा और हॉकी छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष डॉ. अनिल वर्मा भी उपस्थित थे।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                                        मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के लोकार्पण के इस गौरवपूर्ण क्षण पर राज्य के युवाओं और खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। डॉ. सिंह ने कहा कि यह राज्य का तीसरा सिंथेटिक टर्फ हॉकी मैदान है। इसके पहले राजनांदगांव और रायपुर में ही साईंस कॉलेज मैदान में बन चुका है। उन्होंने कहा कि देश में एक ही स्थान पर दो पिच की सुविधाएं पंजाब, झारखण्ड, मध्यप्रदेश, केरल ओड़िशा आदि राज्यों में तो उपलब्ध है लेकिन अंतर्राष्ट्रीय स्तर के दो स्टेडियम का एक ही स्थान पर निर्मित करने वाला छत्तीसगढ़ पहला राज्य है।

                                    HOCKYCM2मुख्यमंत्री ने हॉकी के विकास में महत्वपूर्ण योगदान के लिए राज्य के नौ अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों का सम्मान भी किया। इनमें पूर्व ओलम्पियन श्री विन्सेन्ट लकड़ा, श्री शेखगफ्फार, सुश्री सबा अंजुम, सुश्री नीता डूमरे, श्री तनवीर जमाल, रेणुका राजपूत, रेणुका यादव, मृणाल चौबे तथा बलविंदर कौर मेहरा शामिल हैं। डॉ. सिंह ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से वर्ष 2014 के लिए दस उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इनमें  नेटबाल के लिए कुमारी शकुन्तला पटेल, बॉस्केटबाल के लिए श्रीमती अंजू जोशी, फेंसिग के लिए कु. असिता दोहरे, स्वाती विश्वकर्मा, इंदु निषाद, कु. मुन्नी देवांगन, कु. शीला देवांगन, तैराकी (पैरालिंपिक) के लिए कु. राधा यादव तथा साफ्ट टेनिस के लिए श्री रोहिन सेन्टियागो तथा दिलीप विश्वकर्मा शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी जिलों से आए करीब डेढ़ सौ हॉकी खिलाड़ियों का भी सम्मान किया।

Share This Article
close