अशोक विधानी होंगे निगम नेता प्रतिपक्ष..पूर्व मंत्री ने कहा..सब्जबाग दिखाने वालों की खुल गयी पोल

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

Join Our WhatsApp Group Join Now
बिलासपुर—नगर पालिक निगम बिलासपुर चुनाव पर्यवेक्षक पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय की मौजूदगी में भाजपा पार्षदों ने निगम नेता प्रतिपक्ष का चुनाव किया। अशोक विधानी के नाम का फैसला भाजपा कार्यालय में भाजपा पार्षदों की बैठक में रायशुमारी के बाद लिया गया।
 
                  भाजपा कार्यालय में रविवार को भाजपा पार्षद दल की बैठक हुई। बैठक में भाजपा पार्षदों ने सर्वसम्मति से पहले चुनाव पर्यवेक्षक प्रेमप्रकाश पाण्डेय से एक एक की संख्या में मिलकर नेता प्रतिपक्ष का नाम दिया। इसके बाद भाजपा नेता प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने पार्षदों की सर्वसम्मति से निगम नेता प्रतिपक्ष के लिए  अशोक विधानी के नाम का एलान किया।
 
       नाम एलान के पहले प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने भाजपा पार्षदों को संबोधित किया। उन्होने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के पार्षद चुनाव में जनता ने जानादेश दिया है। हम उसका पालन करते हैं।  जनादेश का सम्मान करते हुए हमें विपक्ष की भूमिका का निर्वहन करना है। सभी निर्वाचित पार्षदांं अपने-अपने वार्ड में सक्रिय होकर काम करना है। कांग्रेस ने बड़े-बड़े सब्जबाग मतदाता को दिखाए है। उसे पूरा कराने के लिए मुस्तैदी के साथ सत्ता पक्ष पर दबाव डालना है। कांग्रेस को भागने नही दिया जाएगा।
       
                  पाण्डेय ने कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस के झूठे वादों से अपने आप को ठगा महसूस कर रही है।  डेढ़ साल  के कार्यकाल में कांग्रेस की असलियत सामने आ चुकी है। इसके बाद उन्होने यह भी कहा कि हमें मिलकर काम करना है। नेता प्रतिपक्ष कोई भी हो हमें पार्टी लाइन का पालन करते हुए जनता की सेवा करना है। नेता प्रतिपभ के नाम का एलान करते हुए प्रेम प्रकाश ने कहा कि सभी को अशोक विधानी के मार्गदर्शन में जनता की आवाज बनकर काम करना होगा। साथ ही कांग्रेस की असलियत को जनता के सामने वार्डों में जाकर रखना भी होगा।

                इस दौरान तखतपुर नगर पालिका पर्वपेक्षक मनोज शर्मा ने तखतपुर के पार्षदों की बैठक लेकर सर्वसम्मति से पार्षद दल का नेता शिव देवांगन के नाम का एलान किया है। बिल्हा नगर पंचायत पर्यवेक्षक विधायक रजनीश सिंह ने बैठक लेकर सर्वसम्मति से पार्षद दल का नेता सतीश शर्मा को बनाया। बोदरी नगर पंचायत पर्यवेक्षक गुलशन ऋषि ने बैठक में सर्वसम्मति से पार्षद दल का नेता अनिल बलेचा और मल्हार नगर पंचायत के पर्यवेक्षक मोहित जायसवाल ने पार्षद दल का नेता सुरेन्द्र सिंह के नाम का एलान किया।
 
       बैठक में छत्तीसगढ़ विधानसभा नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल मस्तूरी विधायक डॉ.कृष्णमूर्ति बांधी, बेलतरा विधायक रजनीश सिंह, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय समेत भाजपा जिला कार्यकारिणी समेत स्थानीय जनप्रतिनिधी मौजूद थे। सभी ने निकायों के लिए चुने गए नेता प्रतिपक्षों को शुभकामनाएं दी है।
close