अब ड्रोन कैमरे से शहर की निगहबानी.. पुलिस का 10 किलोमीटर फ्लैग मार्च.. आलाधिकारियों भी शामिल..100 से अधिक लोगों पर हुई कार्रवाई..

BHASKAR MISHRA
बिलासपुर—- शहर की निगहबानी अब ड्रोन कैमरे से शुरू हो गयी है। बुधवार की शाम लाक डाउन को सफल बनाने आलाधिकारियों के साथ पुलिस जवावों ने दस किलोमीटर का फ्लैग मार्च किया। साथ ही आलाधिकारियों ने बताया कि अब शहर की निगहबानी थानावार ड्रोन कैमरे से किया जाएगा। फ्लैग मार्च के दौरान सौ से अधिक लोगों पर मोटरव्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई भी की  गयी। साथ ही 200 से अधिक मोटरसाइकिल सवारों को चेतावनी के साथ छोड़ा गया। 
 
               बुधवार को वरिष्ट अधिकारियों समेत शहर के सभी थाने के थाना प्रभारियों और स्टाफ के साथ फ्लैग मार्च किया गया। जानकारी हो कि कोरोना वायरस से बचाव को लेकर जिला प्रशासन बिलासपुर ने 15 अप्रैल 2020 तक सम्पूर्ण  जिले में धारा 144 लगा दिया है। अत्यावश्यक सेवाओं को छोड़कर विभिन्न प्रकार के प्रतिष्ठान , दुकान, सभा , धरना ,जुलूस, रैली , मनोरंजन खेल , मेला सामाजिक, सांस्कृतिक, पारिवारिक, धार्मिक कार्यक्रमों पर पूरी तरह से रोक दिया गया है। जनसामान्य को एक जगह पर इकट्ठा होने पर कार्रवाई की बात कही गयी है।
 
                    निर्देश का उल्लंघन करने वालों पर या मेडिकल को सहयोग नही दिये जाने पर पर भारतीय दंड संहिता 1860 की धारा 188 और  महामारी अधिनियम 1897 के अंतर्गत आपराधिक मामला कायम कर सख्त कानूनी कार्यवाही की चेतावनी भी दिया गया है। इसी क्रम में प्रशासन के निर्देश पर बुधवार की शाम फ्लैग मार्च निकाला गया।
 
                 पुलिस के आळाधिकारियों ने बताय कि बिलासपुर पुलिस अब थानावार अपने क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरे से करेगा। अनावश्यक बाहर घूम रहे लोगों और क्वॉरेंटाइन किए गए  व्यक्तियों पर नजर ड्रोन कैमरे से नजर रखा जाएगा।
 
                      आईजी समेत पुलिस कप्तान और अन्य पुलिस अधिकारियों ने बताया कि देखने में आ रहा है कि कुछ लोग अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं। बार बार निर्देशो और आदेशों का उल्लंघन कर रहे है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने अनावश्यक मोटरसाइकिल से शहर का चक्कर काट रहे 100 से अधिक लोगों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गयी है।  200 से अधिक व्यक्तियों को सख़्ती के साथ समझाइस देकर छोड़ा गया है।
 
                        आईजी और पुलिस कप्तान ने सख्त निर्देश दिया है कि शासन के आदेश की अवहेलना पर सख्त कार्यवाही निश्चित है। लोग घर से बेवजह निकलने से बचें। महामारी के नियंत्रण में सहयोग करें। पुलिस ड्रोन कैमरों के सहारे शहर के सभी क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है।
               
        अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को दो दर्जन से अधिक पोलिस गाड़ियों और सायरन के साथ पैदल मार्च किया गया। कोतवाली चौक गांधी चौक,शिव टाकीज चौक,बस स्टैण्ड, राजीव प्लाजा,सीएमडी चौक,अग्रसेन चौक,मगरपारा चौक तालापारा इंदु चौक ,राजीव गांधी चौक ,मरीमाता ,राजेन्द्र नगर चौक होते हुए सिविल लाइन तक जवानो ने फ्लैग मार्च किया। पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Join Our WhatsApp Group Join Now
close