भाजपा स्थापना दिवसः दिल्ली में सांसद ने फहराया केसरिया झण्डा.. जिला कार्यालय में भी लहराया कमल

BHASKAR MISHRA
2 Min Read
बिलासपुर/ दिल्ली— भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर नई दिल्ली में  सांसद अरूण साव ने अपने निवास पर पार्टी ध्वज फहराया। वहीं जिला कार्यालय बिलासपुर में जिला अध्यक्ष ने कमल को लहराया। इस दौरान जिला अध्यक्ष ने कहा कि देश कोरोना से संघर्ष कर रहा है। इस घड़ी में राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश के अनुसार सभी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस पर एक समय का भोजन नहीं करने की बात कही।
 
सांसद ने फहराया भाजपा ध्वज
 
                       भाजपा के 40 वें स्थापना दिवस पर सांसद अरुण साव ने दिल्ली स्थित निवास में भाजपा ध्वज फहराया। इस मौके पर साव ने कहा कि अपनी राष्ट्रवादी विचारधारा और सिद्धांतों से भाजपा ने सदैव राष्ट्रहित के लिए सर्वस्व अर्पण किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भाजपा भारत की गौरवशाली संस्कृति के अनुरूप देश के पुनर्निर्माण और गरीबों के कल्याण की कल्पना को साकार कर रही है। हमें गर्व है कि इस विषम परिस्थिति में भाजपा का हर कार्यकर्ता कोरोना के विरुद्ध इस लड़ाई में प्रधानमंत्री के साथ खड़ा है। साव ने बताया कि भाजपा को विशाल वटवृक्ष के रूप में खड़ा करने में करोड़ों समर्पित, निष्ठावान कार्यकर्ताओं का अथक परिश्रम शामिल है। 
जिला अध्यक्ष ने लहराया केसरिया झण्डा
 
                कार्यकर्ताओं के साथ बिलासपुर जिला अध्यक्ष ने भाजपा कार्यालय में भाजपा का केसरिया ध्वज फहराया। पार्टी पितृ पुरूषों की आरती वन्दन के बाद जिला अध्यक्ष ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा का निर्देश है कि देश कोरोना संकट से जूझ रहा है। हम सभी लोग स्थापान दिवस पर एक टाइम का उपवास रख अन्न की बचत करें। यह अन्न जरूरत मंदों के काम आएगा।
 
            इस दौरान जिलाध्यक्षने भाजपा कार्यकर्ताओं को अपने घरों में ध्वज फहराने का संदेश दिया।
close