किसानो की समस्या दूर करने टोल फ्री नंबर

cgwallmanager
3 Min Read

unnamedरायपुर। राज्य के धमतरी जिले में किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए बहुत जल्द एक टोल फ्री हेल्प लाईन शुरू की जाएगी। कृषि विभाग को अगले दो दिनों में इस टोल फ्री नम्बर के स्थापना के निर्देश दिए गए हैं। यह टोल फ्री नम्बर जिले की सभी प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के सदस्य किसानों के लिए एक परामर्श केन्द्र के रूप में भी काम करेगा। इसके लिए जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के नोडल अधिकारी को भी जिम्मेदारी दी गई है। किसानों को हिम्मत और हौसला देने के लिए राज्य सरकार ने प्रत्येक 50 किसानों पर एक किसान मित्र बनाने के निर्देश दिए हैं। इस वर्ष सूखे की स्थिति को देखते हुए लगान वसूली भी स्थगित कर दी गई है।

             
Join Whatsapp Groupयहाँ क्लिक करे

                     कलेक्टर धमतरी भीम सिंह ने जिला पंचायत धमतरी के सभाकक्ष में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों और धमतरी तहसील के पटवारियों की बैठक लेकर उन्हें किसानों के लिए टोल फ्री नम्बर की योजना के बारे में बताया और यह भी कहा कि कृषि और राजस्व विभाग का चूंकि किसानों से सीधा संबंध होता है, इसलिए दोनों विभागों के विकासखण्ड स्तरीय और ग्राम स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी किसानों के साथ लगातार सम्पर्क में रहे और उनकी समस्याओं को वरिष्ठ अधिकारियों की जानकारी में लाकर त्वरित निराकरण का प्रयास करें।

                     कलेक्टर ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों को किसी भी प्राकृतिक विपदा से फसल के नुकसान होने पर समुचित मुआवजा देने का प्रावधान किया है। इसलिए किसानों को चिंतित होने की जरूरत नहीं है। सरकार उनके साथ है। उन्होंने मैदानी अधिकारियों और कर्मचारियों को फसल कटाई प्रयोग संवेदनशीलता के साथ करने के निर्देश दिए, ताकि फसलों की स्थिति के अनुरूप किसानों को उचित मुआवजा दिया जा सके। बैठक में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों और पटवारियों ने बताया कि अगले तीन-चार दिनों में जिले में आनावारी के लिए फसल कटाई प्रयोग शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके बाद दो दिसम्बर को सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों में और उनके आश्रित गांवों में चार दिसम्बर तक किसान सभाओं का आयोजन कर उन्हें आवश्यक सलाह दी जाएगी।

close