भाजपा नेताओं ने कहा..वाह री कांग्रेस सरकार..4 किस्तों में बांट रही न्याय ..सामने आयी छपास रोगियों की घटिया राजनीति

BHASKAR MISHRA
4 Min Read
बिलासपुर—छत्तीसगढ़ प्रदेश में कांग्रेस की भूपेश सरकार सभी मोर्चे पर नाकाम साबित हुई है। नाकामियों को छिपाने कांग्रेस जिला पदाधिकारी प्रेसवार्ता कर रहे है। भाजपा जिलाध्यक्ष और महामंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने गंगा जल की कसम खाकर कांग्रेस जन घोषणा पत्र को लागू करने की बात कही थी। सरकार बनते ही जनघोषणा पत्र को लागू करने में कांग्रेस सरकार की सांस फूलने लगी है।
 
            जिला भाजपा नेताओं ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी, 2500 रूपयें में धान खरीदने, किसानों का बकाया 2 वर्ष का बोनस और युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देना कांग्रेस की घोषणा के प्रमुख बिन्दु हैं। जनता ने भरोसा किया और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन गयी। गंगा जल की कसम खाने वाले प्रदेश नेतृत्व में से आज एक मुख्यमंत्री है और दूसरा मंत्री है।
 
                 लेकिन सरकार बने 18 महीने से अधिक हो गए हैं। लेकिन कांग्रेस सरकार ने  जनघोषणा पत्र में किए गए वादों को अभी तक पूरा नहीं किया है।  सरकार ने किसानों के हक की राशि से ही किसान न्याय योजना बनाकर किसानों को उनके हक का पैसा चार किस्तों में दे रही है। जिसका भारतीय जनता पार्टी घोर विरोध करती है।
 
                भाजपा नेताओं ने बताया कि  जहां तक भाजपा भाजपा नेताओं के खाते में किसान न्याय योजना से आने वाली राशि को लौटाने की बात है तो कांग्रेस पदाधिकारियों को मालूम होना चाहिए कि किसान वर्ग से भाजपा, कांग्रेस समेत सभी राजनैतिक दल में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता है।  भाजपा सरकार में भी किसानों को बोनस दिया जाता था। क्या उस समय कांग्रेस नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता किसान होने के नाते राशि नही लौटाई है। बावजूद इसके  भाजपा ने कभी भी उनके नाम उजागर नही किये। जबकि कांग्रेस सरकार ने किसान होने के नाते राशि पाने वाले भाजपा नेताओं के नाम की सूची बनाकर उजागर कर गंदी राजनीति की है।
 
              भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की भूपेश सरकार गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार, श्रमिक, बेरोजगारों, महिलाओं और व्यापारी के हितों की अनदेखी कर रही है। किसानों को उनके हक की राशि को किस्तों में देकर झूठी न्याय योजना का ढोंग रच रही है।  झूठे वायदों और झूठे इरादों के साथ जनता को भ्रमित करने का लगातार प्रयास कर रही है।
 
               भाजपा नेताओं ने कहा कि भूपेश सरकार की अनदेखी के चलते क्वारंटीन केन्द्रों में रूके प्रवासी श्रमिक परिवार की हालत बहुत ही तकलीफ देय है। प्रवासी मजदूरों को सोने, रहने और भोजन की समुचित व्यवस्था नही है। अव्यवस्था से बचने प्रवासी श्रमिक सेंटरों से बाहर भाग रहे हैं।  कुछ सेंटरों में तो श्रमिकों को मौत भी हो गयी है।  इस बात की चिंता कांग्रेस जिला पदाधिकारियों को नहीं है। उल्टा प्रेसवार्ता कर प्रदेश सरकार की नकामियों को छिपाने का प्रयास कर रहे हैं।
TAGGED:
close