पुलिस कार्रवाई से छूटने लगा उत्खनन माफियों का पसीना..1 ही दिन में 73 फरारी पकड़ाए..कोर्ट में किया गया पेश..

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर—  शहर में अमन शांति को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस अल्ट मोड में है। फरार आरोपियों को पकड़ने की कार्रवाई तेज हो गयी है। पुलिस ने शनिवार को अलग-अलग थाने में 47 प्रकरण में फरार 73  आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। 
 
          एडिश्नल एसपी ओपी शर्मा ने बताया कि शहर में अमन शांति स्थापित करने को लेकर फरार आरोपियों की धर पकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही कोरोना काल में शासन के निर्देशों को दरकिनार करने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
 
          ओपी शर्मा ने जानकारी दी कि विशेष अभियान में शनिवार को जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 47 प्रकरणों में फरार 73 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। 
 
     इसके अलावा पुलिस ने शनिवार को बिना मास्क पहनकर निकलने वालों पर भी कार्रवाई की है। मास्क नहीं पहनने वाले 189 लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गयी है।  यातायात नियमों को तोड़ने वाले 24 वाहन चालकों पर भी कार्रवाई हुई है।
 
             जिले के थानेदारो ने क्षेत्र के थाने में दर्ज पुराने मामले में शनिवार को कई लोगों को गिरफ्तार किया है। सिविल लाइन और तारबाहर थाना में 3-3,  तोरवा में 5, सिरगिट्टी ने 2, चकरभाठा ने 3, सकरी ने 4, हिर्री ने 4, बिल्हा ने 5, मस्तूरी ने 2, पचपेड़ी ने 5, सीपत से 6, तख्तुपुर से 9, कोटा से 3, बेलगहना से 7, और तारनपुर पुलिस ने 12 पुराने प्रकरण में पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है।
 
अवैध रेत परिवहन, उत्खनन पर 2 दर्जन कार्रवाई
 
एसपी अग्रवाल के आदेश पर शनिवार को पुलिस ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया। अलग-अलग थाने की पुलिस ने 22 अवैध रेत परिवहन करते ट्रक, हाइवा और ट्रैक्टर को पकड़ा है। खिलाफ पुलिस ने कोटा से 7, मस्तूरी से 4, तखतपुर से 1, सकरी से 1, कोनी से 4, बेलगहना से 5 वाहनों को पकड़ा है। खबर लिखे जाने तक अवैध परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई चल रही थी।
 
धारा 188 के तहत 9 प्रकरण दर्ज
 
             पुलिस ने लॉकडाउन का नियम तोड़ने वालों पर भी कार्रवाई की है। 9 लोगों के खिलाफ धारा 188 के तहत अपराध दर्ज किया है। सिविल लाइन में 3, सरकंडा में  6 के खिलाफ कार्रवाई की गयी है।
TAGGED:
close