मरकाम का जीपीएम दौरा..संगठन के बहाने चुनाव पर रहेगा निशाना..2 दिन टटोलेंगे स्थानीय नेताओं का दिल

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
 बिलासपुर—–मरवाही उप चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गयी है। तैयारियों को लेकर नेताओं के बीच सक्रियता दिखाई देने लगी है। कमोबेश सभी पार्टी नेताओं की दौड़ मरवाही की तरफ है। इसी क्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और विधायक मोहन मरकाम का 23 जून को दो दिवसीय दौरे पर प्रदेश के नया जिला गौरेला पेन्ड्रा मरवाही पहुंच रहे हैं।
 
                   प्रदेश प्रवक्ता अभय नारायण राय ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष का जीपीएम जिला दौरा सामान्य गतिविधियों का हिस्सा है। नया जिला होने के नाते प्रदेश अध्यक्ष का दौरा संगठन के लिहाज से जरूरी है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने सामान्य चर्चा करेंगे।
 
                अभय ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष और विधायक माननीय मोहन मरकाम दो दिवसीय दौरे पर 23 जून को जीपीएम पहुंचेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के साथ महामंत्री प्रशासनिक चन्द्रशेखर शुक्ला भी होंगे। दौरा के समय अध्यक्ष प्रदेश उपाध्यक्ष और जीपीएम जिले के प्रभारी अटल श्रीवास्तव, बिलासपुर कांग्रेस ज़िला अध्यक्ष विजय केशरवानी,और शहर अध्यक्ष प्रमोद नायक भी रहेंगे। 
 
                मोहन मरकाम 23 जून को दोपहर 12 बजे गौरेला पहुंचकर गौरेला विकासखण्ड के जनप्रतिनिधियो से मुलाकात करेंगे।  3 बजे से पेंड्रा विकासखण्ड के जनप्रतिनिधियो और कांग्रेसजनों से संगठन को बेहतर और मजबूत बनाए जाने को लेकर विचार विमर्श करेंगे।
 शाम 5 बजे गौरेला से मरवाही में विश्राम करेंगे।
 
             24 जून को सुबह 11 बजे मरवाही विकासखण्ड के जनप्रतिनिधियो से बातचीत और कांग्रेसी नेताओं से मुलाकात करने के बाद दोपहर 3 बजे रायपुर प्रस्थान करेंगे।
 
संगठन बहाना..चुनाव पर निशाना
 
           अन्दर की खबरो को माने तो दरअसल आंग्रेस मरवाही उप चुनाव से पहले जमीनी हकीकत को टटोलने पुरजोर मेहनत कर रही है। संगठन के बहाने इस सीट को हरसूरत में हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है। अन्दर की माने तो पीसीसी प्रमुख का मरवाही दौरा संगठन का बहाना है। सच्चाई तो यह है कि मरवाही सीट पर निशाना है।
 
                   मोहन मरकाम दरअसल चुनाव की प्रारम्भिक तैयारियों को लेकर मरवाही का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष पार्टी के नए पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओ का मन टटोलेंगे। साथ ही संभावितों को लेकर ना केवल संभावना तलाश करेंगे..बल्कि मुंह फूलाकर बैठे कार्यकर्ताओं को पुचकारेंगे भी। सूत्र ने बताया कि सच तो यह है कि मोहन मरकाम का दौरा संगठन के बहाने चुनाव से पहले नाराज कार्यकर्ताओ को साधने जा रहे है। 
close