जीत और हार जीवन का अहम् हिस्सा-अमर

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

61vi  rastriya khel prtiogita ka sampan mantri  amar agrwal dwara (53) 61vi  rastriya khel prtiogita ka sampan mantri  amar agrwal dwara (46)बिलासपुर—61वीं राष्ट्रीय शालेय बेसबाल खेल प्रतियोगिता का आज एक भव्य समारोह में पुलिस ग्राऊंड में समापन हुआ। बेसबाल की प्रतियोगिता 17 एवं 19 वर्ष की बालक-बालिकाओं के लिए था। सभी वर्गों में छत्तीसगढ़ ने फाइनल मैच जीता। समापन समारोह के मुख्य अतिथि नगरीय प्रशासन, वाणिज्य कर, उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम मंत्री  अमर अग्रवाल थे।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                             इस अवसर पर अमर अग्रवाल ने कहा कि खेल से शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। खेल को आवश्यक रूप से जीवन में शामिल करना चाहिए।  खेल में हार-जीत होती ही है। जो जीतते हैं, उनके मन में कोई अहं नहीं होता है और जो हारते हैं उन्हें गम नहीं होता है। यह सोच जीवन में भी होना चाहिए। खेल को जीवन में शामिल करने से खिलाड़ी भावना विकसित होती है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाडि़यों को बधाई दी और कहा कि ये खेलकूद में भाग लेते हैं, खेल में रुचि है, इसलिए इनकी प्रशंसा करता हूं। जिन टीमों ने प्रतियोगिता में स्थान नहीं बनाया उन्हें पुनः प्रयास करने की सलाह दी और कहा कि उन्हें जीत अवश्य मिलेगी।

                     कार्यक्रम की अध्यक्षता तखतपुर विधायक श्री राजू सिंह क्षत्री ने की। उन्होंने कहा कि खेल से हमें जीवन किस तरह जिया जाए इसका ज्ञान होता है। खेल मन-मष्तिष्क के लिए उतना ही आवश्यक है जितना सांस लेने के लिए वायु आवश्यक है। उन्होंने खिलाडि़यों से कहा कि उनकी रुचि जिस भी क्षेत्र में हो, पूर्ण मनोयोग से लक्ष्य लेकर काम करें, उन्हें सफलता अवश्य मिलेगी। बच्चों के लिए ऐसा माहौल बनाना चाहिए कि उनकी प्रतिभा बाहर आए। विशिष्ट अतिथि नगर निगम के महापौर किशोर राय ने कहा कि खेल प्रतियोगिता के आयोजन से बिलासपुर का माहौल खेलमय हो गया है। सभी खिलाडि़यों ने कठिन परिश्रम कर खेल भावना का प्रदर्शन किया। हार-जीत का उतना महत्व नहीं होता, बल्कि किस भावना से खेल रहे हैं, यह महत्वपूर्ण है।

        स्कूल गेम फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव डॉ. राजेश मिश्रा भी इस अवसर पर उपस्थित थे। उन्होंने फेडरेशन में छत्तीसगढ़ की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन जिला शिक्षा अधिकारी हेमन्त उपाध्याय ने दिया।

        कार्यक्रम के अंत में विजेता टीमों को पुरस्कार स्वरूप कप और मेडल दिए गए। 19 वर्ष बालक में प्रथम छत्तीसगढ़, द्वितीय दिल्ली और तृतीय स्थान पर महाराष्ट्र की टीमें रहीं। 17 वर्ष बालक में भी इन्हीं राज्यों ने क्रमशः प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किए। बालिका 19 वर्ष आयु में भी प्रथम छत्तीसगढ़, द्वितीय दिल्ली और तृतीय महाराष्ट्र को पुरस्कृत किया गया। 17 वर्ष बालिका वर्ग में प्रथम छत्तीसगढ़, द्वितीय दिल्ली और तृतीय चंड़ीगढ़ की टीम रही। खिलाडि़यों ने मार्च पास्ट किया। जिसमें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए गोवा की टीम को पुरस्कृत किया गया।

close