नारायणपुर-प्रभारी सचिव डॉ प्रियंका शुक्ला ने अबूझमाड़ के स्वास्थ्य केन्द्र का किया निरीक्षण,डाक्टर व कर्मचारियों के कार्याे को सराहा

Chief Editor
3 Min Read

नारायणपुर।जिले की प्रभारी सचिव डॉ प्रियंका शुक्ला अपने नारायणपुर प्रवास के दूसरे दिन आज ओरछा विकासखंड के स्वास्थ्य केंद्रों में व्यवस्थाओं का जायजा लेने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राहुल देव के साथ ओरछा पहुँची। सर्वप्रथम डॉ शुक्ला ने ओरछा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाकर आमजनों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने यहां गंभीर और आकस्मिक चिकित्सा के लिए दिये जा रहे उपचार सेवाओं के अलावा आवश्यक होने पर कोरोना संक्रमण प्रभावित मरीज की उपचार की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। प्रभारी सचिव ने सभी स्वास्थ अमले को फिजिकल डिस्टेंसिंग, मास्क पहनने और सेनेटाइजर उपयोग करने पर विशेष फ़ोकस रखने के निर्देश दिए।अपने प्रवास के दौरान उन्होंने धौड़ाई, धनोरा और छोटेडोंगर में संचालित स्वास्थ्य केन्द्रों का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ ए.आर. गोटा, जिलाकार्यक्रम प्रबंधक डॉ प्रिया कंवर के अलावा स्वास्थ विभाग के डाक्टर्य और कर्मचारी उपस्थित थे।प्रभारी सचिव डॉ प्रियंका शुक्ला ने अबूझमाड़ में मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान की जानकारी ली।  उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति मलेरिया की जांच से न छूटे इस बात का ध्यान रखा जाये। इसके साथ ही पॉजिटिव पाये गये लोगों के तत्काल उपचार की व्यवस्था की जाये। उन्होंने मलेरिया की जांच कर रहे दलों की संख्या, रिपोटिंग आदि की जानकारी ली।

Join Our WhatsApp Group Join Now

अपने निरीक्षण के दौरान डॉ प्रियंका शुक्ला ने कहा कि हमारे डाक्टर्स और हेल्थ वर्कर्स का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने सभी डाक्टरों और अमले की हौसला अफजाई की और कहा कि ओरछा विकासखंड के विषम भौगोलिक परिस्थितियों में आप लोग काम कर रहे हैं आपके इस योगदान को विभाग कभी नहीं भूलेगा। आप इसी तरह पूरे साहस के साथ अपने कर्तव्य-पथ पर डटे रहें। जिस तरह आप सब यहां रहकर मरीजों और मानवता की सेवा में लगे हैं, सराहनीय है।

प्रभारी सचिव ने ओरछा विकासखंड मुख्यालय के उप स्वास्थ्य केन्द्र में ईलाज के लिए भर्ती मरीजों से भी बातचीत की, उनका हालचाल जाना और उन्हें दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होने अस्पताल में चल रही गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने लैब और प्रसवकक्ष की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिये। प्रभारी सचिव ने पोषण पुर्नवास केन्द्र (एनआरसी) में खाली और भरे बेड की जानकारी ली तथा बच्चों एवं उनकी माताओं से आत्मीय बातचीत की।

उन्होंने कहा कि ईलाके के गंभीर और कुपोषित बच्चों को माताओं के साथ पोषण पुर्नवास केन्द्र (एनआरसी) लाया जाये और उन्हें गुणवत्तापूर्ण पौष्टिक आहार देकर सुपोषित किया जाये। प्रभारी सचिव ने स्टोर रूम का अवलोकन किया और जीवनरक्षक दवाईयों की उपलब्धता देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन दवाई की जरूरत है, उसकी मांग पत्र तत्काल भेजें।

close