धर्मजीत का मरवाही CEO पर गंभीर आरोप..चुनाव आयोग से की शिकायत .कांग्रेस कर रही मशीनरी का प्रयोग

BHASKAR MISHRA
2 Min Read
बिलासपुर—- जनता कांग्रेस नेता धर्मजीत सिंह ने मुख्य चुनाव आयोग से शिकायत की है। धर्मजीत ने आरोप लगाया है कि मरवाही उप चुनाव प्रभावित करने कांग्रेस नेता सरकारी मशीनरी का गलत दुरूपयोग कर रहे हैं। तोड़ फोड़ की राजनीति के साथ पद-पावर और पैसा का बेजा इस्तेमाल किया जा रहा है। 
 
         जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे विधायक दल के नेता वरिष्ठ विधायक धर्मजीत सिंह ने कांग्रेस पर सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग करने का आरोप लगाया है। धर्मजीत सिंह ने बताया कि प्रथम मुख्यमंत्री और जनप्रिय नेता स्व अजीत जोगी के निधन के बाद मरवाही विधानसभा में उपचुनाव होना प्रस्तावित है। कांग्रेस पार्टी तोड़फोड़ की राजनीति के साथ पद, पावर और पैसे का दुरुपयोग करना शुरू कर दिया है। मरवाही विधानसभा में  जोगी की लोकप्रियता से बुरी तरह घबराई कांग्रेस पार्टी का मंत्रीमंडल लगातार मरवाही में डटी हुई है।
 
              धर्मजीत ने बताया कि स्वर्गीय अजीत जोगी की दशगात्र के दूसरे दिन ही जकाँछ के एक नेता को तोड़कर काँग्रेस में शामिल किया गया। अब तो हद  हो गई कि कांग्रेस संगठन के कार्यक्रम जन चाय चौपाल का भी शासकीय कर्मचारियों के माध्यम प्रचार प्रसार किया जा रहा है । कार्यक्रम को सफल बनाने लोकतांत्रिक प्रणाली के खिलाफ आदेश मरवाही सीईओ के द्वारा जारी किया गया है। 
 
                    लोरमी विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कांग्रेस के जन चौपाल कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मरवाही जनपद पंचायत के सीईओ महेश कुमार यादव ने नियम के विरुद्ध आदेश जारी किया है। उन्होने कांग्रेस राजनीतिक पार्टी के कार्यक्रम के लिए मुनादी करने और सहयोग करने का आदेश दिया है। सीईओ महेश यादव का यह आचरण सत्ता की कठपुतली की तरह होने के साथ ही सिविल आचरण नियम के खिलाफ भी है।
 
          विधायक धर्मजीत सिंह ने  राज्य निर्वाचन आयोग से लिखित शिकायत करते हुए सीईओ महेश कुमार यादव के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।
close