बिलासपुर– कलेक्टर अन्बलगन पी. ने शहर के यातायात को व्यस्थित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा की। आवारा पशुओं को पकड़ने के निर्देश दिए। ओव्हर लोडिग वाहनों, आटो रिक्शा पर कार्यवाही करने चौराहों के चौड़ीकरण और सड़कों पर यातायात बाधित करने वाला ठेलो की जब्ती की कार्यवाही का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। कलेक्टर ने कहा कि बिलासपुर में व्यवस्थित यातायात के लिए ट्रैफिक प्लान बनाया जा रहा है। प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार कर ली गई है।
मंथन सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने यदुनंदन नगर तिफरा में यातायात को व्यवस्थित करने और साफ-सफाई के संबंध में की गई कार्यवाही के संबंध में जानकारी ली। नगर निगम अधिकारी ने बताया कि आवारा पशुओँ की धरपकड़ की जा रही है। कलेक्टर ने कहा कि पकड़े गए गायों को आसपास के ग्राम पंचायतों के कांजी हाउस में शिफ्ट किया जाए।
कलेक्टर ने पार्किंग स्थल पर दुकान बनाने वाले व्यवसायियों के खिलाफ भी कार्यवाही करने को कहा । अवैध रूप से भवन बनाये गये भवनों में बिजली कनेक्शन काटने का आदेश दिया। साथ ही अवैध निर्माण पर भी अंकुश लगाने को कहा। व्यापार विहार में खड़े होने वाले बड़े वाहनों पर सख्ती से कार्यवाही करने को कहा। जगह-जगह अवैध पार्किंग करने वाले और बिना रजिस्ट्रेशन के घूमने वाले आटो रिक्शा पर भी कार्यवाही करने को कहा।
कलेक्टर ने हाईकोर्ट मार्ग पर पेण्ड्रीडीह से तिफरा तक सड़क किनारे ट्रकों के खड़े होने पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिये। हाईकोर्ट के सामने सीसी रोड में जगह-जगह हुए क्रेक के संबंध में जानकारी ली। बसंत विहार से अपोलो मार्ग, दयालबंद तिराहा, सिम्स के सामने रोड पर अतिक्रमण हटाने और पेचवर्क के निर्देश दिये। महाराणा प्रताप चैक में यातायात के दबाव को कम करने के लिए की गई कार्यवाही की समीक्षा की।
खेल संगठनों के साथ बैठक
कलेक्टर की अध्यक्षता में खेल संघों के पदाधिकारियों की बैठक हुई। विभिन्न खेल संघों से कलेक्टर ने कहा कि साल 2016-17 में आयोजित होने वाले खेलों के वार्षिक कैलेण्डरों की जानकारी 10 दिनों के भीतर दें।खेलों के लिए मैदान चिन्हांकित करने के बाद उस मैदान को तैयार करने के कार्य में जिला प्रशासन लाइनअप करेगा। खेल के सुचारू आयोजन की व्यवस्था में जिला प्रशासन हर संभव मदद करेगा। कलेक्टर ने कहा कि बिना प्लानिंग कोई भी खेल आयोजित नहीं किया जाएगा।
जिला खेल परिसर की दशा सुधारने और खेल सुविधा बढ़ाने के लिए एसईसीएल की मदद ली जाएगी। रघुराज सिंह स्टेडियम में भी खेल सुविधाओं का विकास किया जाएगा। बैठक में विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने सुझाव दियें।