देश में बजा बिलासपुर का डंका..मेयर ने कहा..सामुहिक परिणाम का नतीजा.. कमिश्नर ने बताया..बेहतर होगा रिजल्ट

BHASKAR MISHRA
7 Min Read
बिलासपुर—- न्यायधानी ने एक बार फिर देश में सफाई का डंका पीटा है। बिलासपुर को स्वच्छता में देश में 11 वां स्थान हासिल हुआ है। ओव्हर आल रैंकिग में प्रदेश की न्यायधानी को 19 वां रैंक मिला है। बताते चलें कि पिछली बार बिलासपुर को देश की स्वच्छता रैंकिंग में 28 वां स्थान था।
 
            स्वच्छता में एक बार फिर बिलासपुर ने देश और प्रदेश में परचम लहराया है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में बिलासपुर ने अभूतपूर्व प्रदर्शन किया है। न्यायधानी को पूरे देश में 11 वां स्थान हासिल मिला है। रैंकिंग में  छत्तीसगढ़ का तीसरा सबसे स्वच्छ शहर बिलासपुर बना है।  गुरूवार को केंद्रीय शहरी विकास और आवास मंत्री हरदीप पुरी ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 के परिणामों की घोषणा की। जिसमें बिलासपुर शहर को एक से दस लाख तक के आबादी वाले शहरों में देश का 11 वें नंबर का सबसे साफ-सुथरा शहर घोषित किया गया। पिछली बार के सर्वेक्षण में बिलासपुर का ओवर ऑल रैंक 28 वां था। इस बार स्वच्छता में छलांग लगाते हुए बिलासपुर ने 19 वां स्थान हासिल किया है।
 
                    बताते चलें कि देश भर के 4242 शहरों का सर्वेक्षण किया गया था। टाॅप 25 में जगह बनाते हुए बिलासपुर नगर निगम ने उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 की शुरुआत पिछले साल जुलाई से शुरू किया गया था। अलग-अलग चरणों में केंद्र सरकारकी टीम ने सर्वेक्षण किया था। जिसके परिणाम आज घोषित किए गए।
 
                                 सर्वेक्षण की घोषणा के साथ ही कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय ने एक अलग टीम का गठन कर सर्वेक्षण की तैयारियों के लिए टीम को काम सौंपा था। इसके पहले  बिलासपुर को गार्बेज फ्री सिटी में 3 स्टार का दर्जा दिया गया था। ओडीएफ++ का तमगा बिलासपुर को पहले ही हासिल हो चुका है।
 
6 हजार में 4875 नंबर किया हासिल
 
               केंद्र सरकार ने सफाई के अलग-अलग मापदंडों में 6 हज़ार  नंबर निर्धारित किए थे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर नगर निगम ने सिटीजन फीडबैक में 1500 में 1211.65 नंबर हासिल किया। डायरेक्ट आब्ज़र्वेशन में 1500 में से बिलासुपर को 1422.13 नंबर मिले। निगम को सर्टिफिकेशन में 1500 में 1100 नंबर हासिल हुए। सर्विस लेवल प्रोसेस में 1500 में 1141.96 नंबर मिला है। इस तरह बिलासपुर निगम को 6000 में 4875.74 नंबर मिला है।
 
60 हज़ार घरों से डोर टू डोर कलेक्शन
 
         नगर निगम में शहर के 60 हजार 601 घरों से प्रति दिन डोर टू डोर कचरा कलेक्शन किया जाता है।  कचरा संग्रहण के बाद उपचार के लिए आरडीएफ प्लांट भेजा जाता है। आरडीएफ प्लांट में गीले कचरे से खाद बनाने का कार्य और  सूखे से आरडीएफ बनाने का कार्य किया जाता है। इसी तरह शहर को साफ-सूथरा रखने के लिए ठेका कंपनी के ज़रिए सफाई वीरों के माध्यम से सफाई के अलावा मशीन से भी शहर के मुख्य मार्गों की सफाई की जाती है। अत्याधुनिक तरीके से सफाई कार्य दिन के साथ रात में भी होती है। मानिटरिंग के लिए विकास भवन में कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।
 
 रैंक में इजाफ़ा किया
 
पिछले वर्ष 2019 में नगर निगम बिलासपुर  को 28 वां स्थान प्राप्त हुआ था। जबकि  2018 के सर्वेक्षण में 22 वां स्थान मिला था। पिछले वर्ष के सर्वेक्षण में पीछे होने का मुख्य कारण सिटीजन फीडबैक के अलावा रेलवे क्षेत्र में कमी को जाता है। इस बार प्रचार प्रसार के माध्यम से कमी को दूर किया गया।
 
स्वच्छता एप के ज़रिए समाधान 
 
स्वच्छता संबधी समस्या के आनलाइन समाधान के लिए राज्य सरकार द्वारा जारी निदान नंबर 1100 और केंद्र सरकार द्वारा जारी स्वच्छता एप के माध्यम से बिलासपुर नगर निगम ने समय सीमा के भीतर  प्राप्त शिकायतों का बेहतर ढंग से निराकरण किया।
 
लोगों को जागरूक करने चलाया अभियान 
 
            स्वच्छ सर्वेक्षण के शुरूआत से ही बिलासपुर नगर निगम ने कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय के निर्देश पर आमजन को जागरूक करने कई तरह के अभियान चलाया। जिसमें एक स्वच्छ प्रतियोगिता का आयोजन भी शामि लहै। प्रतियोगिता के तहत स्वच्छ मोहल्ला,स्वचछ स्कूल,स्वच्छ कालेज,स्वच्छ होटल, स्वच्छ अस्पताल,स्वच्छ बाज़ार,स्वच्छ गणेश पंडाल का चयन किया गया। इस प्रतियोगिता के लिए पूरे शहर में ट्रॉफी से सुसज्जित स्वच्छता रथ को भ्रमण कराया गया। इसके अलावा प्लास्टिक मुक्त बिलासपुर बनाने के लिए बाज़ार और चौक चौराहों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही शहर भर में बैनर-पोस्टर तथा स्वच्छता संबंधी वाॅल पेंटिंग कराया गया।
 
गार्बेज फेस्टिवल आयोजित किया गया 
 
      स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने के लिए बिलासपुर नगर निगम ने  शहर में पहली बार गार्बेज फेस्टिवल आयोजित किया। लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता पर आधारित शाला स्तरीय प्रतियोगिता में ड्राइंग पेंटिंग,निबंध प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता,प्लास्टिक पर शार्ट विडियों फिल्म कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
   
शहरवासियों को बधाई-महापौर 
 
          स्वच्छता में बेहतर प्रदर्शन पर महापौर रामशरण यादव ने शहरवासियों और निगम कर्मियों को बधाई दिया है। उन्होने कहा की उपलब्धि सामूहिक प्रयास का नतीजा है। आमजन के सहयोग के बिना यह सफलता संभव नहीं है। 
 
टीम वर्क को मिली जीत- कमिश्नर
 
 ननर निगम आयुक्त  प्रभाकर पाण्डेय ने कह कि सफलता के पीछे निगम टीम की मेहनत है। इसके लिए टीम के साथ नगर वासियों को बधाई हो। कमिश्नर ने कहा की भविष्य में हम और भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। प्रयास जारी रखेंगे”
close