आसान हुआ बिजली बिल भुगतान.. जगह जगह बनाए गए सेवा केन्द्र.. QR कोड से मिलेगी सारी जानकारी

BHASKAR MISHRA
2 Min Read
बिलासपुर—छत्तीसगढ़ स्टेट पाॅवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने उपभोक्ताओं की सुविधा के मद्देनजर लोक सेवा केन्द्र से बिल संग्रहण आरंभ किया है। कामन सेवा केन्द्र के शुरू होने से उपभोक्ताओं को फायदा होगा।  बिलासपुर क्षेत्र के विभिन्न कार्यालयों में उपभोक्ताओं के लिए लोक सेवा केन्द्रों ने बिजली बिल संग्रहण का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
 
पाॅवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने कोरोना काल में उपभोक्ताओं की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए पूरे प्रदेश में लोक सेवा केन्द्र के माध्यम से बिजली बिल संग्रहण करने सुविधा का विस्तार का फैसला किया है। वर्तमान में योजना के तहत् बिलासपुर रीजन के शहरी क्षेत्र में गोल बाजार, नेहरूनगर, सरकंड़ा, पी.जी.बी.टी. सबस्टेशन कैंपस में लोक सेवा केन्द्र से बिल संग्रहण का काम शुरु हो गया है। तोरवा जोन, बिलासपुर ग्रामीण के वितरण केन्द्र तिफरा, बिल्हा, बरतोरी, सकरी, सेंदरी, को केन्द्र बनाया गया है। जीपीएम जिले में वितरण केन्द्र पेण्ड्रा (शहर), पेण्ड्रारोड़ और  दुबटिया में बनाया गया है। मुंगेली जिले के वितरण केन्द्र सिलदहा, पथरिया, मुंगेली जोन और  मुंगेली (ग्रामीण) में सेवा केन्द्र है।
 
           कोरबा जिले के पोडीमार जोन और तुलसीनगर जोन के साथ  ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित लोक सेवा केन्द्र के माध्यम से बिजली बिल संग्रहण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। सेवा की सुविधा सुबह 8 बजे से सायं 8 बजे तक चालू रहेगी। कोई भी विद्युत उपभोक्ता बिजली का बिल नगद भुगतान कर सकता है। भुगतान के बाद रसीद की सत्यता की जाॅंच के लिए रसीद पर प्रिंट QR code  को मोबाईल फोन में QR code  स्कैनर के माध्यम से स्कैन कर भुगतान का पूरा विवरण देखने की भी सुविधा दी गयी है।
 
                बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक भीम सिंह कंवर ने बताया कि सेवा सुविधा के प्रारंभ होने से उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करने में आसानी होगी। बावजूद इसके यदि किसी उपभोक्ता को भुगतान संबंधित शिकायत होती है तो वह टोल फ्री नंबर 1912 पर सूचित कर सकता हैं।

Join Our WhatsApp Group Join Now
TAGGED:
close