अध्यक्ष बनने के बाद धरम की शपथ..बनाएंगे 18 में सरकार

BHASKAR MISHRA
4 Min Read
IMG_7298रायपुर– प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की कमान आज एक बार फिर धरमलाल कौशिक को सौंपा गया है। भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्यों का चुनाव सम्पन्न हुआ। धरमलाल कौशिक को निर्विरोध भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चुना गया। चुनाव अधिकारी के सामने एक मात्र नामांकन फार्म भरा गया। चुनाव अधिकारी लीलाराम भोजवानी ने दोपहर को धरमलाल कौशिक को निर्विरोध भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की घोषणा की।  उन्होंने छत्तीसगढ़ प्रदेश से 11 भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के नामों का एलान किया गया। जिसमें वर्तमान 10 भाजपा सांसद और राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पाण्डेय का  नाम शामिल है।
              नवनिर्वाचित भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने सभी भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि भाजपा मंडल बिल्हा महामंत्री, मण्डल अध्यक्ष के रूप में कार्य करने का सर्वप्रथम अवसर मिला। बिलासपुर जिला युवा मोर्चा का महामंत्री-अध्यक्ष फिर बिलासपुर भाजपा महामंत्री के दायित्व का निर्वहन करते हुए मध्यप्रदेश में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और छत्तीसगढ़ अलग होने पर भाजपा प्रदेश मंत्री, महामंत्री और निर्वाचित जन प्रतिनिधि के रूप में अनेक वर्षों तक कार्य करते हुए इस मुकाम तक पहुंचा हूं।  भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जिसमें कोई भी कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष के पद तक पहुंच सकता है।

Join Our WhatsApp Group Join Now
         नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विष्णदेव साय के केन्द्र सरकार में मंत्री बन जाने के कारण मुझे प्रदेश अध्यक्ष का कार्य सौंपा गया था। मैंने इस पद पर कार्य करते हुए प्रयास किया कि पार्टी सर्वस्पर्शी और सर्व व्यापी हो। संगठन सूत्र पर अमल करते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व नरेन्द्र मोदी, अमित शाह और उपस्थित सभी राष्ट्रीय नेतृत्व में 35 लाख प्राथमिक पार्टी सदस्य बनाए है। आज हमारे 35 हजार सक्रिय सदस्य और 403 मण्डलों की संख्या है। सभी को अधिकार के साथ दायित्व भी मिला है। मिशन 2018 के विधानसभा चुनाव के लिए तीन वर्ष रह गए हैं। अभी से जुट जाना है, हर गांव, हर बूथ, हर मंडल तक पहुंचना है। 2018 में पुन: भारतीय जनता पार्टी की चौथी बार सरकार बन सके।
                 भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री एवं भाजपा छत्तीसगढ़ चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव ने कहा कि धरमलाल विधानसभा अध्यक्ष रहते हुए सबके साथ संवाद कर अच्छी विधानसभा चला सकते है।  वो संवाद कर पार्टी भी अच्छी तरह चलाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने नव निर्वाचित अध्यक्ष धरमलाल कौशिक को बधाई देते हुए कहा कि आने वाले समय में सरकार और संगठन में तालमेल बनाने का कार्य धरमलाल कौशिक बखूबी निभाएंगे। 2003, 2008 और 2013 के विधानसभा चुनाव और लोक सभा में जिस प्रकार भाजपा को सफलता मिली है। वर्ष 2018 में चौथे विधानसभा चुनाव में भी कार्यकर्ताओं की मेहनत से सफलता मिलेगी।

            उन्होंने भाजपा के महापुरूषों डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय  अटल, आडवाणी जी के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयास के कारण आज भारतीय जनता पार्टी यहां तक पहुंची है। चुनौतियों का सामना करते हुए सब ने यहां तक की यात्रा की है और इस मसाल को आगे बढ़ाने के लिए यह हमारे हाथ में आई इसे और अधिक प्रज्जवलित कर आने वाली पीढिय़ों को सौंपने का दायित्व हम सबका है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक को सांसद रमेश बैस, नंदकुमार साय, राम विचार नेताम, बृजमोहन अग्रवाल ने संबोधित किया और नए अध्यक्ष को  बधाई दी।

close