पार्टी से जोगी ने किया विश्वासघात…अटल

BHASKAR MISHRA
5 Min Read

 

Join Our WhatsApp Group Join Now

Er. Atal Shrivatstavaबिलासपुर– अंतागढ़ टेप काण्ड से पहले भी कई काण्ड हुए हैं। लेकिन हमारे पास इन काण्डों का पर्दाफाश करने के लिए पर्याप्त कोई सबूत नहीं थे। लेकिन अंतागढ़ मामले में पर्याप्त सबूत हैं। सबूतों को हाईकमान के हवाले कर दिया गया है। अब कार्रवाई का इंतजार है। जो भी कार्रवाई होगी उससे संगठन को फायदा ही होगा। य़ह बातें पीसीसी महामंत्री अटल श्रीवास्तव ने आज सीजी वाल से कही।

                        पीसीसी महामंत्री अटल श्रीवास्तव ने बताया कि कांग्रेस को लगातार नुकसान का सबसे बड़ा कारण संगठन के कुछ भीतरघातियों से है। जनता ने तो हमेशा से कांग्रेस को प्यार दिया है। भीतरघातियों को जल्द ही बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा। अंतागढ़ चुनाव के समय  ही जानकारी हो गयी थी कि मंतूराम जैसा भोला भाला इंसान यकायक चुनाव मैदान से क्यों भागा। हमने उस समय ही इस बात को ऊपर तक पहुंचा दिया था। लेकिन हमारे पास पुख्ता सबूत नहीं थे।  आयोग से जांच से मांग भी की थी। अब हमारे पास सबूत हैं। मंतूराम को बरगलाने वाला इंसान कौन है सबको पता चल गया है।

                                        अटल ने बताया कि पहले भी संगठन विरोधी गतिविधियों और भीतरघातियों से कांग्रेस को बहुत नुकसान हुआ है। लेकिन हमारे पास कोई सबूत नहीं थे। आज सबूत है । सबूत हाईकमान को सौंप दिया गया है। जल्द ही जोगी का निष्कासन होगा। सीजी वाल के सवाल पर अटल ने कहा कि लोकतंत्र में छल प्रपंच का मतलब अपने और जनता के साथ विश्वासघात करना है। जोगी ने पार्टी और देश के साथ विश्वासघात किया है। पार्टी की मर्यादा को चोट पहुंचाया है। उनका पार्टी से बाहर होना तय है।

                           अटल ने बताया कि सबूत के अभाव में दोषी भी कोर्ट से छूट जाता है। समाज में गलत संदेश जाता है। किसी भी कार्रवाई चाहे वह बड़ी हो या छोटी,सबूत का होना जरूरी है। आज जोगी के खिलाफ सारे सबूत हैं। जैसे की अंतागढ चुनाव के समय संगठन को आंशंका थी। टेप काण्ड ने उन आशंकाओं को सच साबित किया है।

              जोगी के निष्कासन से प्रदेश कांग्रेस को कितना लाभ और भाजपा को कितना नुकसान उठाना होगा के सवाल पर अटल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी नफा नुकसान पर नैतिक मूल्यों के आधार पर चलने वाली पार्टी है। जोगी ने सिद्दांतों के साथ खिलवाड़ किया है। जिसका खामियाजा आज उन्हें भुगतना ही होगा। उन्होने कहा कि कुछ संवैधानिक प्रक्रियाएं होती हैं। प्रक्रियाओँ का पालन जरूरी है। हाईकमान को पता चल चुका है कि घर का भेदी कौन है।

                               जोगी नई पार्टी बनाएंगे तो कांग्रेस को नुकसान होना तय है कि  सवाल पर अटल ने कहा कि अच्छा होगा कम से कम जनता को पता तो चल जाएगा कि तेरह साल से कांग्रेस को खोखला कौन कर रहा था। निष्कासन नहीं होने की सूरत के सवाल पर अटल ने कहा कि जोगी का निष्कासन तय है.फिर यदि ऐसी स्थिति आती भी है तो कार्यकर्ताओं को मालूम हो चुका है कि कांग्रेस जैसी मर्यादित पार्टी को सड़क पर पटकने का काम किसने किया है। उसके साथ क्या किया जाना उचित होगा।

                     अटल ने बताया कि कांग्रेस संगठित,सैद्धांतिक और मर्यादित पार्टी है। सत्ता के लिए सिद्घांतो से समझौता करना हमारी फितरत नहीं रही है। जिसने भी संगठन में रहकर समझौता के प्रयास किया उसका हाल जोगी जैसा ही होगा। अटल ने कहा कि पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल और विधानसभा नेता प्रतिपक्ष टी.एस.सिंहदेव की अगुवाई में प्रदेश कांग्रेस ने संगठन की मर्यादा को मजबूती के साथ स्थापित किया है। आगे भी ऐसा ही होगा।  कांग्रेस का एक – एक सिपाही उनके मार्गदर्शन में संगठन के लिए कुछ कर गुजरने को तैयार  है।

close