सफाई अभियान में छग बनेगा टॉपर– मंडल

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

IMG_20160112_131134बिलासपुर–नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव आर.पी. मण्डल ने नगरीय निकायों में वित्तीय अनुशासन बनाएं रखने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वित्तीय मामलों में निर्धारित नियमों का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। शिकायत मिलने पर किसी तरह की भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
मण्डल ने आज मंथन सभागार में में बिलासपुर संभाग के सभी नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिकारियों की नगरीय निकायों में आतंरिक अंकेक्षण कार्यशाला में निर्देश दिए हैं। मण्डल ने कहा कि किसी भी नगरीय निकाय में जितनी भी आय होगी, उस आय से पहला कार्य कर्मचारियों को वेतन दिया जाएगा। इसके बाद बिजली बिल, पानी और अन्य जरूरतों के लिए राशि खर्च की जाएगी।  मण्डल ने उपस्थित सीएमओ और अन्य अधिकारियों को कहा कि सभी खर्चों के लिए सीलिंग फिक्स है उससे ज्यादा व्यय नहीं होना चाहिए।

                   नगरीय निकायों के विकास कार्य में आधारभूत चीजों का ध्यान रखना होगा।नगरीय निकायों में वित्तीय अनुशासन के लिए समय-समय पर जारी निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है। आतंरिक अंकेक्षण कार्य की अनिवार्यता और महत्व को ध्यान में रखते हुए अनुभवी चाटर्ड एकाउंटेंट एजेंसी से अंकेक्षण का कार्य कराया जा रहा है। क्षेत्रीय कार्यालय बिलासपुर अंतर्गत तीन नगर निगम, 12 नगर पालिका और 32 नगर पंचायतों में अंकेक्षण के लिए सीए फर्म मेसर्स बोरकर एण्ड मजुमदार को यह जिम्मेदारी दी गई है। आंतरिक अंकेक्षण एवं प्री. आडिट के लिए आवश्यक नियमों और शर्तों की जानकारी सभी सीएमओ को दी गई।

बैठक में मण्डल ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य स्वच्छ भारत मिशन अभियान के क्रियान्वयन में देश में द्वितीय स्थान पर हैं। इसे पहले स्थान पर लाने के लिए सभी नगरीय निकायों को मेहनत करना होगा। नगर निगमों में शौचालय निर्माण के लिए निर्धारित लक्ष्य के अतिरिक्त लक्ष्य निर्धारित किया गया है।  संभाग के 8 नगरीय निकायों को पूर्ण रूप से खुले शौच से मुक्त निकाय बनाने के लिए लक्ष्य तय किया गया है। इन सभी लक्ष्यों को 31 मार्च 2016 तक पूर्ण करने के निर्देश दिया गया।

                        बैठक में संभागायुक्त सोनमणि बोरा ने बताया कि बिलासपुर संभाग में 46 नगरीय निकायों के कार्यों की समीक्षा नियमित रूप से की जाती है। जिन निकायों में शौचालय निर्माण के लिए लक्ष्य तय किये जा रहे हैं उनकी शतप्रतिशत पूर्ति की जायेगी। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा, लैलुंगा, डबरा में कार्य संतोषजनक नहीं होने पर संबंधित सीएमओ को श्री मण्डल ने कड़ी फटकार लगाई।

        बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक सौमित्र चौबे, नगर निगम बिलासपुर कमिश्नर रानू साहू, संभाग के सभी नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगरीय प्रशासन विभाग के संयुक्त संचालक अंजनकर समेत विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
समाचार क्रमांक/18     /अग्रवाल

close