मनरेगा प्रदर्शनी में प्रदेश को राष्ट्रीय पुरस्कार

cgwallmanager
3 Min Read

jetli_delhiरायपुर। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने केन्द्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) की राष्ट्रीय प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ को नई दिल्ली में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। डॉ. सिंह ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए अपनी सरकार के पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग सहित राज्य में मनरेगा के तहत काम कर रहे लाखों श्रमिकों सहित ग्रामीण जनता को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने यहां जारी बधाई संदेश में कहा है-छत्तीसगढ़ ने मनरेगा के तहत लगातार शानदार प्रदर्शन किया है, जिसकी झलक आज नई दिल्ली के मनरेगा सम्मेलन में आयोजित प्रदर्शनी में देखी और सराही गई। मनरेगा के उत्कृष्ट कार्यों के प्रभावी प्रदर्शन पर राज्य को एक बार फिर पुरस्कृत होने का गौरव मिला है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                       मनरेगा की राष्ट्रीय प्रदर्शनी मे छत्तीसगढ़ खास तौर पर छाया रहा। केन्द्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली ने आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन परिसर में महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत आयोजित सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ सरकार के मंडप का भी अवलोकन किया। केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री राव वीरेन्द्र सिंह और राज्य मंत्रीगण सर्वश्री रामकृपाल सिंह यादव, सुदर्शन भगत तथा निहालचंद भी इस अवसर पर उपस्थित थे। प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए जेटली सहित सभी केन्द्रीय मंत्रियों ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य में मनरेगा के तहत संचालित विकास परियोजनाओं की विशेष रूप से प्रशंसा की। केन्द्रीय मंत्रियों ने प्रदर्शनी में यह देख कर भी प्रसन्नता जतायी कि गरियाबंद जिले की जॉब कार्डधारक महिला श्रमिकों द्वारा मनरेगा के तहत स्व-सहायता समूह बनाकर सी.एफ.एल. बल्बो का निर्माण किया जा रहा है।

                        राज्य के साथ-साथ जिला बलरामपुर-रामानुजगंज की ग्राम पंचायत पाढ़ी को भी मनरेगा के उल्लेखनीय कार्यों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया। ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती सुषमा मिंज ने अपनी पंचायत के लिए यह पुरस्कार ग्रहण किया। इस योजना में मजदूरी भुगतान के लिए श्रमिकों के बचत खाते खोलने के सराहनीय कार्यों के लिए राजनांदगांव जिले के सहायक पोस्ट मास्टर  के.पी.वर्मा, बांधाबाजार के उपडाकपाल सीताराम देवांगन और ग्राम भटगांव (रूद्री), जिला धमतरी के शाखा डाकपाल  गजाधर प्रसाद सिन्हा को भी पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार के सचिव पी.सी. मिश्रा भी उपस्थित थे।

close