बिलासपुर– प्रदेश सरकार में दम है तो शराब बंदी करके दिखाए। यदि प्रदेश सरकार ऐसा करती है तो छत्तीसगढ़ वासियों पर मुख्यमंत्री का बहुत बड़ा अहसान होगा। शराब ने पूरे प्रदेश को खोखला करके रख दिया है। अमित जोगी अपने विधानसभा में ध्यान दें। मरवाही विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक गरीब और जरूरत मंद हैं। किसी अन्य विधानसभा क्षेत्र में अमित को पैसे बांटने की जरूरत नहीं है। वे मरवाही क्षेत्र में चाहे बढ़ा हुआ वेतन बांटे…पूरा वेतन बांटे… या फिर अन्य श्रोत से मिले रूपयों को बांटे। लेकिन मरवाही में बांटे। कम से कम मरवाही क्षेत्र के आदिवासी गरीब किसान और जरूरत मंदों का भला होगा। इस समय मरवाही को स्थानीय विधायक से लोगों को मदद की सर्वाधिक जरूरत है। यह बातें आज रतनपुर महामाया दरबार में मत्था टेकने जाते समय कुछ देर के लिए छत्तीसगढ़ में आराम करने पहुंचे पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ.चरणदास महंत ने कही। सीजी वाल से बात करते हुए चरणदास महंत ने प्रदेश के कामकाज पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आगामी कांग्रेस पार्टी की ही बनेगी।
रतनपुर दर्शन को जा रहे पूर्व केन्द्रीय मंत्री चरणदास महंत दस मिनट के लिए छत्तीसगढ़ भवन में आराम किया। चरणदास महंत के आकस्मिक दौरा के समय वरिष्ठ कांग्रेस नेता आशीष सिंह,जिला ग्रामीण अध्यक्ष नरेन्द्र बोलर, पीसीसी महामंत्री अटल श्रीवास्तव,विजय केशरवानी, संभागीय प्रवक्ता अभय नारायण राय, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद नायक, डॉ.तरू तिवारी समेत सुभाष सिंह ठाकुर उपस्थित थे।
सीजी वाल से बातचीत के दौरान पूर्व केन्द्रीय मंत्री महंत ने कहा कि मै नवरात्री में हर साल प्रदेश के सभी शक्ति पीठों पर माता का दर्शन के लिए जाता हूं। आज महामायी का दर्शन करूंगा। गरीब किसान और करोड़ों प्रदेश वासियों के लिए प्यार सद्भाव और उनके विकास के लिए आशीर्वाद मांगूगा। चरणदास महंत ने कहा कि वे मड़वारानी,बमलाईदेवी,चन्द्रपुर में माता भगवती का दर्शन करूंगा। रामनवमी में समलाई माता के दरबार में भी मत्था टेकुंगा। प्रदेश के लोगों के लिए सुख समृद्धि का आशीर्वाद मांगूगा।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने अमीत जोगी के वेतन वृद्धि वितरण के सवाल पर कहा कि मै अमित सलाह देना चाहूंगा कि वे चाहे बढ़ा हुआ वेतन हो,संपूर्ण वेतन हो या फिर अन्य स्रोतों हासिल रकम हो..उन्हे मरवाही क्षेत्र में लगाना चाहिए। महंत ने कहा कि मरवाही क्षेत्र सर्वाधिक सूखे की चपेट में है। स्थानीय विधायक से वहां के गरीब,किसान और जरूरत मंदों को सर्वाधिक उम्मीद है। ऐसे में अमित जोगी को जो भी सहायता करनी हो अपने क्षेत्र में करें। क्योंकि मरवाही में कमजोर,गरीब और जरूरतमंदों की संख्या बहुत है। अमित जोगी को वहीं पैसा बांटना चाहिए।
शराबबंदी के सवाल पर महंत ने कहा कि सरकार में यदि हिम्मत है तो प्रदेश में शराब बंद करके दिखाए। प्रदेश वासियों पर मुख्यमंत्री का बहुत बड़ा अहसान होगा। उन्होंने कहा कि शराब ने छत्तीसगढ़ियों को बरबाद कर दिया है। मनरेगा मजदूरों का सारा पैसा शराब पर खर्च हो रहा है। समाज के अंतिम व्यक्ति को शराब ने बरबाद कर दिया है। गरीब ही नहीं बल्कि किसी जाति या धर्म का क्यों ना हो उनके घर के सुख चैन को शराब ने लूट लिया है। चाहे जनजाति हो. पिछड़ा या फिर सामान्य जाति का ही क्यों ना हो शराब ने सबको तबाह कर दिया है। इसलिए मुख्यमंत्री को चाहिए कि प्रदेश में शराब को पूर्णप्रतिबंधित कर देना चाहिए।
महंत ने कहा कि पिछले 12 साल से प्रदेश में सिर्फ लूटतंत्र ने काम किया है। खनिज का भरपूर शोषण हो रहा है। महंगाई बेतहासा बढ़ रही है। गरीब और गरीब हो रहा है। अमीर आसमान की उंचाइयों को छू रहे हैं। प्रदेश के मध्यम और गरीब वर्गों का जीना हराम हो गया है। महंत ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से तंग आ चुकी है। आगामी सरकार कांग्रेस की ही बनेगी।
कांग्रेस के अंतरकलह के सवाल पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मातारानी के दरबार में पहुंचकर आशीर्वाद मांगूंगा कि हमें और हमारे सहयोगियों को सदबुद्धि दे कि मिलकर जनता के विश्वास को हासिल करें। प्रदेश में सरकार बनाएं। ताकि लोगों के विश्वास और उम्मीदों को पूरा कर सकें। उन्होंने अंतरकलह के सवाल का जवाब कुछ इसी अंदाज मे दिया। इसके बाद पूर्व मंत्री रतनपुर के लिए रवाना हो गये.