पृथ्वी को बचाने के लिए पानी बचाने का संकल्प ले-सीएम

Shri Mi
3 Min Read

रायपुर।मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने शुक्रवार को विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में स्वयं चलाकर लगभग दस हजार लोगों की विशाल साइकिल रैली का नेतृत्व किया। उन्होंने स्थानीय तेलीबांधा तालाब (मैरीन ड्राइव) में साइकिल रैली का शुभारंभ किया। लगभग पांच किलोमीटर की यह रैली छत्तीसगढ़ ने ठाना है, सबको पानी बचाना है के प्रेरक आव्हान के साथ शुरू होकर राजकुमार कॉलेज के परिसर में सम्पन्न हुई। मुख्यमंत्री ने शुभारभ के संक्षिप्त समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारी इस सुन्दर पृथ्वी को बचाने के लिए जल, वायु, आकाश और जंगल की सुरक्षा बहुत जरूरी है। यह हम सबके लिए एक बड़ी चुनौती भी है। उन्होंने कहा-जब तक पानी है, तब तक वृक्ष हैं और वृक्ष रहेंगे तो पृथ्वी भी सुरक्षित रहेगी। मुख्यमंत्री ने सभी लोगों से विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर पृथ्वी को बचाने के लिए पानी बचाने का संकल्प लेने का भी आव्हान किया।

                                   डॉ. सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार जनता के सहयोग से भू-जल संरक्षण और सतही जल की सुरक्षा की दिशा में लगातार काम कर रही है। आज देश की प्रसिद्ध तीर्थ नगरी उज्जैन (मध्यप्रदेश) में सिंहस्थ महाकुंभ का पहला शाही स्नान सम्पन्न हो रहा है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में विश्व पृथ्वी दिवस पर साइकिल रैली भी एक बड़े महाकुंभ के रूप में आयोजित की गयी है। उन्होंने इस आयोजन में शामिल सभी संस्थाओं छात्र-छात्राओं और नागरिकों को बधाई दी।
रैली के शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता रायपुर के लोकसभा सांसद श्री रमेश बैस ने की।

                               आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री राजेश मूणत, विधायक रायपुर उत्तर श्री श्रीचंद सुन्दरानी, विधायक रायपुर ग्रामीण श्री सत्यनारायण शर्मा, नगर रायपुर के महापौर श्री प्रमोद दुबे तथा बड़ी संख्या में निगम पार्षद और स्थानीय नागरिक, स्कूल कॉलेजों के विद्यार्थी और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि भी रैली में शामिल हुए। राज्य सरकार के मुख्य सचिव श्री विवेक ढांड, अपर मुख्य सचिव श्री अजय सिंह, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री अमन कुमार सिंह, पर्यटन, संस्कृति और जनसम्पर्क विभाग के सचिव श्री संतोष मिश्रा, आयुक्त आदिवासी विकास एवं संचालक जनसम्पर्क श्री राजेश टोप्पो, कलेक्टर रायपुर श्री ओ.पी. चौधरी और अन्य अनेक वरिष्ठ अधिकरियों ने भी रैली में हिस्सा लिया।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close