बिलासपुर—मेरा मीडिया ट्रायल किया गया । अब मेरे पास खोने को कुछ नहीं है। पुलिस का काम लोगों की समस्याओं को सुलझाना है। मैने भी वही किया। सभी के भावनाओं का सम्मान किया। चौबिस घंटे अपने कार्यों को गंभीरता से लिया। जब भी किसी ने फोन किया..मैने रिस्पांस दिया। परेशान नहीं… लेकिन… हैरान जरूर हूं। ऐसा मेरे साथ क्यों हुआ। मुझे सोची समझी साजिश की तहत बदनाम किया जा रहा है। यह बातें आईजी पवन देव ने आज सामान्य बातचीत के दौरान पत्रकारों से कही।
मालूम हो कि एक दिन पहले मुंगेली लाइन में पदस्थ महिला आरक्षक के आडियों ने बिलासपुर पुलिस रेंज में भूचाल पैदा कर दिया। दिन भर शहर वासियों में आई जी और महिला को लेकर चर्चा आम रही। तरह तरह की बातें सामने आयी। सोशल मीडिया पर आडियो वायरल होने के बाद आईजी को रायपुर तलब किया गया। आईजी पवन देव ने डीजीपी के सामने अपना पक्ष रखा। जानकारी के अनुसार आईजी को सात दिन के भीतर अपना पक्ष रखने को कहा गया है।
आज आईजी पवन देव ने बताया कि मेरे साथ गहरी साजिश हुई है। उम्मीद नहींं थी मुझे इस स्तर तक घसीटा जाएगा। आईजी के अनुसार जिम्मेदार अधिकारी होने के नाते आम जनता के लिए मैने वही किया जो पुलिस को करना चाहिए। मैने उस महिला को कभी फोन नहीं किया। ऐसे में उसके फिगर पर सवाल की बात ही नहीं उठती है। जैसा की मीडिया में लिखा और पढ़ा जा रहा है।
बातचीत के दौरान आईजी काफी भावुक नजर आए। दो एक बार उन्होंने भीगी पलकों को भी साफ किया। उन्होने बताया कि मुझे अपने चरित्र पर पूरा विश्वास है। मेरे साथ माता पिता, पत्नी और बच्चे से पूरा मॉरल सपोर्ट है। ऐसे में मीडिया ट्रायल का कोई फर्क नहीं पड़ता। मुझे मीडिया ने गलत अंदाज में पेश किया है। पिछले दो सालों से मै विश्वास का पर्याय था। यकायक एक आ़़डियो की बिना सच्चाई जाने मुझ पर आरोपों की बौझार कर दी गयी। यह समझ से परे है।
मैं एक आईजी हूं..इस बात को मैने कभी महसूस नहीं किया। मानवीय पीड़ा को ध्यान में रखकर काम किया। दिन रात एक कर लोगों की शिकायतों का निराकरण किया। लेकिन चंद मिनट के भीतर मीडिया ने बिना सोचे समझे अनाप शनाव छाप दिया। इससे मुझे पीड़ा पहुंची है। लेकिन अब मुझे अपना पक्ष रखना है।
एक सवाल के जवाब में आई जी ने बताया कि जांच होगी। जांच का सामना करूंगा। अपना पक्ष भी रखूंगा। सच और झूठ सामने आ ही जाएगा। मैने आरक्षक महिला को कभी फोन नहीं किया। इसका अंदाजा मुझे था कि वासनिक मेरे खिलाफ कोई बड़ा षड़यंत्र करेगा। उसके लिए मैं तैयार भी था। लेकिन किसी महिला का इस्तेमाल करेगा। इसकी मुझे उम्मीद नहीं थी। विभागीय जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।
आईजी ने बताया कि दो दिन बाद डीजी आएंगे उनके सामने सिलसिलेवार बातों को रखूंगा। मुझे ऊपर वाले पर भरोसा है। लेकिन आने वाले समय में मुझे आईजी बनकर ही रहना होगा। किसी आम इंसान की तरह सोचना बंद करना होगा।