सीएम ने किया फाइव स्टार ग्रीन बिल्डिंग का लोकार्पण

Shri Mi
4 Min Read

2116-Finalरायपुर। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मंगलवार शाम नया रायपुर के सेक्टर 19 में लगभग 60 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित ’पर्यावास भवन’ का लोकार्पण किया। यह छत्तीसगढ़ की पहली फाइव स्टार ग्रीन बिल्डिंग है। लगभग 15 हजार वर्गमीटर में निर्मित पांच मंजिला यह भवन नया रायपुर डेव्हलपमेंट अथॉरिटी, छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल और छत्तीसगढ़ राज्य गृह निर्माण मंडल का संयुक्त कार्यालय भवन है। मुख्यमंत्री ने लोकार्पण समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि सभी बुनियादी सुविधाओं से परिपूर्ण इस भवन में कर्मचारियों को काम-काज का एक बेहतर वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी की परिकल्पना के आधार पर विकसित हो रहे नया रायपुर के इस भवन में सुविधापूर्ण और बेहतर वातावरण मिलेगा। नया रायपुर विकास प्राधिकरण (एन.आर.डी.ए.) और पर्यावरण संरक्षण मंडल के कार्यालय यहां कल से संचालित होंगे और स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त तक यहां छत्तीसगढ़ राज्य गृह निर्माण मंडल का कार्यालय भी प्रारंभ हो जाएगा।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                   मुख्यमंत्री ने भवन में 200 किलोवाट के सौर ऊर्जा पेनल और रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाने की भी प्रशंसा की। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि ग्रीन बिल्डिंग की परिकल्पना के अनुसार इस भवन में सौर ऊर्जा से पैदा होने वाली बिजली का उपयोग किया जाएगा। इस भवन में एनआरडीए, छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल और छत्तीसगढ़ राज्य गृह निर्माण मंडल के अलग-अलग खण्ड हैं और अंदर से तीनों खण्डों को गलियारे से जोड़ा गया है।

            इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण मंडल एवं नया रायपुर डेव्हलपमेंट अथॉरिटी में नवनियुक्त अभियंताओं और रसायनज्ञों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

            लोकार्पण समारोह में आवास एवं पर्यावरण मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में नया रायपुर का तेजी से विकास हो रहा है। कार्यालय भवनों एवं व्यवसायिक क्षेत्र के लिए आरक्षित नॉर्थ ब्लॉक में शासकीय कार्यालय भवनों का निर्माण तेजी से पूरा कराया जाएगा।

           कृषि एवं जल संसाधन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि नया रायपुर डेव्हलपमेंट अथॉरिटी, छत्तीसगढ़ राज्य पर्यावरण संरक्षण मंडल एवं छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के कार्यालय एक ही छत के नीचे संचालित होने से नई राजधानी के विकास में और तेजी आएगी।

           आवास एवं पर्यावरण विभाग के प्रमुख सचिव अमन कुमार सिंह ने कहा कि पर्यावास भवन का निर्माण वैज्ञानिक तरीके से किया गया है। इस भवन का निर्माण ग्रीन रेटिंग फॉर इंटीग्रेटेड हेबिटेट एसेसमेंट (गृहा) द्वारा निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप किया गया है।

            इस अवसर पर विधायक नवीन मार्कण्डेय, छत्तीसगढ़ राज्य गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सवन्नी और मुख्य सचिव विवेक ढांड, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव संजय शुक्ला, सचिव जनसम्पर्क संतोष मिश्रा, आयुक्त छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, नया रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रजत कुमार समेत जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close