21 तक चलेगी “उत्कर्ष” फोटो प्रदर्शनी

Shri Mi
4 Min Read

IMG_20160815_221704_517रायपुर।मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सोमवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनसम्पर्क विभाग द्वारा राजधानी रायपुर के टाउनहॉल में आयोजित छायाचित्र प्रदर्शनी ‘उत्कर्ष’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने इस अवसर पर छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद संक्षिप्त कार्यक्रम में लोगों को सम्बोधित किया।सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान पर छत्तीसगढ़ के गांव-गांव में ‘स्वच्छता अभियान’ जन-आंदोलन का रुप ले रहा है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश की 16 जनपद पंचायतों को खुले में शौच से मुक्त घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का स्वच्छ भारत का सपना जन सहयोग से छत्तीसगढ़ में जल्द ही साकार होगा।

                              टाउनहाल में लगाई गयी प्रदर्शनी शासकीय योजनाओं और प्रदेश के बारह वर्षों की उपलब्धियों पर केन्द्रित है। उज्जर सुग्घर-हमर छत्तीसगढ़ की परिकल्पना पर आधारित यह प्रदर्शनी आम जनता के अवलोकन के लिए 21 अगस्त तक प्रतिदिन सवेरे 10 बजे से रात्रि 8 बजे तक खुली रहेगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों पन्नालाल पण्डया  एवं पद्मश्री डॉ. महादेव प्रसाद पाण्डेय का शॉल और श्रीफल भेंटकर अभिनंदन किया।

                           मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि देश की एकता और अखण्डता हमारी सबसे बड़ी ताकत है। गुलामी के दौर में भी देश एक सूत्र में बंधा रहा। उन्होंने देश को स्वतंत्रता दिलाने में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके त्याग और बलिदान से ही हम आज लोकतंत्र की खुली हवा में सांस ले रहे हैं।

                            IMG_20160815_222218_703जनसम्पर्क विभाग के सचिव संतोष मिश्रा ने अपने स्वागत उद्बोधन में प्रदर्शनी के बारे में जानकारी दी। प्रदर्शनी में अलग-अलग सोलह खण्डों में छायाचित्रों के माध्यम से प्रदेश के विकास की झलक दर्शाने का प्रयास किया गया है। अलग-अलग खण्डों में छत्तीसगढ़ के लोकपर्व और लोककलाएं, कृषि विकास, खेलों के क्षेत्र में विकसित विश्व स्तरीय अधोसंरचना, कौशल विकास की दिशा में प्राप्त हुई उपलब्धियां, राज्य की मजबूत होती अधोसंरचना, नया रायपुर का विकास, प्रधानमंत्री के छत्तीसगढ़ प्रवास, हमर छत्तीसगढ़ योजना, स्वच्छ भारत अभियान की प्रगति, स्वास्थ्य, सड़क यातायात सुरक्षा, पर्यावरण जागृति जैसे अभियान लोक सुराज अभियान, जनता से संवाद, दिव्यांगों, महिलाओं, बच्चों और समाज के पिछड़े वर्गों के कल्याण की योजनाओं आदि को दर्शाया गया है।

                      इस अवसर पर जनसम्पर्क विभाग के संचालक राजेश सुकुमार टोप्पो ने अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स) के अध्यक्ष अशोक बजाज, शिक्षाविद डॉ. रमेन्द्रनाथ मिश्र, राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) के अध्यक्ष राधाकृष्ण गुप्ता, जनसम्पर्क विभाग के अपर संचालक पूरन लाल वर्मा और जे.एल.दरियो सहित अनेक जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रम का मंच संचालन जनसम्पर्क विभाग के संयुक्त संचालक आलोक देव ने किया।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close