रायपुर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने गुरुवार को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कहा कि देश की आजादी में सभी सम्प्रदाय ने हिस्सा लिया है और देश पर सभी का समान हक है आजादी के बाद हमें स्वराज तो मिला भारतीय जनता पार्टी देश में सुराज लाना चाहती है उसका मकसद वोटों के लिए समाज को तोडऩा नहीं बल्की मजबूत राष्ट्र के लिए सबको जोडऩा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सर्व समाज के उत्थान के लिए संकल्पित है जिसमें अल्पसंख्यक समुदाय भी शामिल है।
मोर्चा प्रभारी रामप्रताप सिंह ने कहा कि कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति करती है किन्तु भाजपा राष्ट्रवाद की बात करती है। उन्होंने पूर्व संघचालक सुदर्शन जी का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय मुस्लिम मंच की स्थापना कर मुसलमानों के साथ देश हित के मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक मोर्चे के कार्यकर्ताओं को अपने समाज के सभी लोगों के साथ वार्तालाप कर भाजपा के पक्ष में काम करना चाहिए।
प्रदेश मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि मोर्चे के कार्यकर्ताओं को राज्य शासन की योजनाओं का लाभ अपने समाज के लोगों तक पहुंचाना चाहिए जैसे मुद्रा बैंक योजना आदि। तभी पार्टी अल्पसंख्यक वर्ग के बीच में मजबूत होगी।संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े ने मोर्चे के कार्यकर्ताओं को विश्वस दिलाया कि शासन स्तर पर उनसे हर तरह का सहयोग किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोनी ने कहा कि हमारे अल्पसंख्य भाई हम पर पूरी तरह विश्वास करें तथा यह जान लें कि भाजपा उन्हें वोट बैंक नहीं अपितु मानव समझती है। इसके विपरीत कांग्रेस ने उन्हें 60 वर्षों तक वोट बैंक मान उनका शोषण किया।