CGWALL.COM के मालिक अब दो लाख…

Chief Editor
6 Min Read

final_2kकोई भी खबरनवीश अगर कोई खबर या टिप्पणी लिखे तो उसे भी यह नहीं पता चल पाता कि उसके लिखे शब्द कितने लोगों तक पहुंच रहे हैं। इसलिए हम भी पुख्ता तौर पर यह दावा नहीं कर सकते कि सीजीवाल के करीब साल भर के सफर में हमारे कितने शब्द –कितने लोगों तक पहुंचे हैं। लेकिन वेबपोर्टल के नीचे दर्ज होने वाले मीटर ने हमें वह गिनती दे दी है । जिसे देखकर हम भरोसा कर सकते हैं कि हम दो लाख लोगों तक तो पहुंच चुके हैं। शब्दों की इस ऋंखला में हमारे लिए यह एक बड़ा पायदान है। आखिर मीडिया कोई भी हो उसका मकसद अपनी बातों को अधिक- से –अधिक लोगों तक पहुंचाना ही है। और अगर हम इतने लोगों तक खबरों – टिप्पणियों को पहुंचा सके तो लगता है कि हमने दिशा सही पकड़ी है।

             
Join Whatsapp Groupयहाँ क्लिक करे

                                                                  saugaat_andargud_jpegअपनी संपादकीय -अब सीजीवाल क्यों –? में हमने निवेदन किया था कि CGWALL.COM  समय के साथ चलते हुए समय से आगे निकलने की एक कोशिश है। समय के साथ जूझते रहना हर मीडियाकर्मी की नियति भी है। मीडिया भी समाज का एक हिस्सा है और वक्त के साथ हो रहे बदलाव का असर उस पर भी दिखाई देता है। हमने भी आज के दौर की तकनीक का इस्तेमाल कर साफ – सुथरे ढंग से खबरों और टिप्पणियों को अपने पाठकों के सामने जस – का – तस पेश करने की कोशिश की है। और उसे इतनी संख्या में लोगों तक पहुंचा पाने का संतोष है। विश्वसनीयता और प्रमाणिकता हर दौर में मीडिया के काम – काज के मूल्यांकन का आधार रही है। इस कसौटी पर हम कितने खरे हैं , इसका फैसला हमारे पाठक ही कर सकते हैं।

                                     garg_andarbooklet_01प्रायोगिक तौर पर शुरू किए गए  CGWALL.COM वेब पोर्टल पर  हमने स्थानीय खबरों को  केन्द्रित किया। राष्ट्रीय- अंतर्राष्ट्रीय खबरे हासिल करने के बहुत से माध्यम हैं। लेकिन स्थानीय खबरों को लेकर दिया तले अँधेरा- जैसी स्थिति नजर आती है। इसे दूर करने की कोशिश में हमने छत्तीसगढ़ और स्थानीय खबरों को समय पर पहुंचाने के लिए सूचना तकनीक का इस्तेमाल  किया  है। स्थानीय घटनाओँ और गतिविधियों को समय पर उन पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया है , जो अपने मोबाइल सेट पर इंटरनेट के जरिए हर पल पूरी दुनिया से जुड़े हुए हैं और अपने आस – पास की सूचनाओँ के लिए भी इस तकनीक को कसौटी पर कस रहे हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद हमने स्थानीय खबरों को समय पर नियमित औऱ व्यवस्थित ढंग से पहुंचाने की कोशिश की है। इतने कम समय में हमारा तजुर्बा है कि सोशल मीडिया से जुड़े लोग भी सच और भरोसेमंद सूचनाएं चाहते हैं। इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए हमें लोगों की शाबासी भी मिली।  इस बीच कुछ खबरे ऐसी भी रहीं , जिसे पचीस से तीस हजार लोगों ने भी देखा। अपने एक मुलाकात जैसे कॉलम के जरिए हमने शहर-समाज की व्यवस्था को लेकर प्रबुद्धजन के विचार सामने लाने की कोशिश की औऱ राज-काज के जरिए सरकार- सियासत पर नजर डालते रहे हैं।कला-संस्कृति के क्षेत्र में स्थानीय प्रतिभाओँ  और विकास की दिशा में हो  रही सकारात्मक पहल को सामने लाने का प्रयास भी करते रहे हैं।  इस बीच जो प्रतिक्रियाएं सामने आईं , उससे हम उत्साहित भी हैं। और यह अहसास भी है कि पाठकों की उम्मीदों के साथ ही हमारे सामने चुनौतियां भी कम नहीं हैं।

                                                           akhileshwar01_jpegइस मकाम पर खड़े होकर यही कह सकते हैं कि  हमारी कोशिश है कि  “सीजी वॉल” खबरों की एक ऐसी  “दीवार”बने जिसमें सभी को अपने मनमाफ़िक खबरें मिल सकें। वेब पत्रकारिता के इस मंच का इस्तेमाल वास्तविक पत्रकारिता के लिए हो—इस मकसद को सामने रखकर हमने यह कोशिश शुरू की।मीडिया की दुनिया में करीब तीन दशक से अधिक का समय गुजार लेने और अखबार से लेकर रेडियो, टेलीवीजन और अब वेब में काम करते हुए इस बात की तो समझ है कि मीडिया कोई भी हो उसका मालिक वह नहीं होता , जो उसमें पूंजी खर्च करता है। बल्कि असली मालिक वह होता है, जो उस मीडिया से निकलकर आने वाले शब्दों पर विश्वसनीयता की मुहर लगाता है। इस लिहाज से  अब दो लाख लोग CGWALL.COM के मालिक बन गए हैं। इस पड़ाव पर खड़े होकर हम भरोसा दिलाते हैं कि आने वाले वक्त के साथ हम विश्वास की इस डोर को और मजबूत बनाने की कोशिश में लगे रहेंगे। बस इसी तरह आपका साथ बना रहे।

close