अटल ने बढ़ाया देश का मान सम्मान…लखन साहू

BHASKAR MISHRA
2 Min Read

IMG_3147बिलासपुर—भाजपा नेताओं ने आज पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का 92 वां जन्मदिन सुशासन दिवस के रूप में मनाया। जिला भाजपा कार्यालय में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसके पहले भाजपा नेताओं ने भारत माता पं.दीनदयाल उपाध्याय, डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छाया चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर आशीर्रवाद लिया। सभी नेताओं ने सुशासन की शपथ भी ली।

                         सांसद लखनलाल साहू ने कार्यकर्ताओं को सुशासन शपथ दिलाया। अटल वाजपेयी के जीवन पर प्रकाश डाला। साहू ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी देश के उन नेताओं में से एक है जिन्हें सभी विचारधारा के लोगों में समान रूप से लोकप्रियता हासिल है। ऐसा नेता बहुत ही विरला होता है। अटल को भारतीय राजनीति का अजात शत्रु भी कहा जाता है। मोरार जी भाई देसाई की सरकार में विदेश मंत्री रह कर उन्होने देश को विशेष पहचान दी। पांच साल तक एनडीए की सरकार उन्होने कीर्तिमान रचा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना आरंभ कर भारत के ग्रामीण अंचलों को शहर से जो़ड़ा है। देश में सड़कों का जाल बिछाने का श्रेय अटल वाजपेयी को ही जाता है।

                            भाजपा जिलाध्यक्ष रजनीश सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री को जन्म दिवस की बधाई दी। उन्होने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर 25 और  26 दिसम्बर को जिले सभी मंडलों में सुशासन दिवस मनाया जाएगा। उन्होने देश के लिये सम्पूर्ण जीवन समर्पित किया है। एक राजनैतिक का आदर्श जीवन कैसा हो अटल के जीवन से प्रेरणा लेना चाहिए।

             महापौर किशोर राय ने कहा कि अटल ने प्रधानमंत्री के रूप में राजस्थान के पोखरण में परमाणु विस्फोट किया। इसकी भनक विश्व के किसी भी देश को नहीं हुई। इतना ही नही विस्फोट के बाद आर्थिक प्रतिबंधों के आगे भी उन्होने ना झुककर भारत के स्वाभिमान को बढ़ाया।

                            बैठक में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

close