सीएम रमन ने की छत्तीसगढ़ में राज्य योग आयोग बनाने की घोषणा

Shri Mi
3 Min Read

CM_YOG_DURG♦सीएम बोले-याददाश्त बढ़ाने का ब्रम्हास्त्र है योग
♦दिव्यांग ने भी पैर से किया योग

रायपुर।मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बुधवार सुबह स्वामी विवेकानंद की जयंती के मौके पर भिलाई के जयंती स्टेडियम में आयोजित योग शिविर कार्यक्रम में शामिल हुए।मुख्यमंत्री नेे योग गुरू बाबा रामदेव सहित स्कूली बच्चों और नागरिकों के साथ योग किया।इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में योग शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए राज्य योग आयोग बनाने की भी घोषणा की। डॉ. सिंह ने कहा कि यह आयोग इस वर्ष एक अप्रैल से काम करना शुरू कर देगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत और स्कूल स्तर तक योगक्रिया और योग शिक्षा के विस्तार में यह आयोग महत्वपूर्ण योगदान देगा। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में पतंजलि योगपीठ द्वारा फूड प्रसंस्करण उद्योग लगाने के फैसले का स्वागत किया और राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया।

                                                        मुख्यमंत्री डॉ.सिंह ने इस मौके पर अपने संबोधन में कहा कि योग करने से निश्चित ही याददाश्त बढ़ाने की शक्ति मिलती है। नियमित रूप से योग करने से दिन-प्रतिदिन में किए गए कार्यों को लम्बे समय तक याद करने की ताकत मिलती है। उन्होंने योग को किसी भी स्मृति को याद रखने की ब्रम्हास्त्र बताया। उन्होंने अपने स्वयं का उदाहरण देते हुए कहा कि योग करने से उन्हें किसी भी आंकड़े और जानकारी को व्यस्तता के बाद भी याद करने में सहायता मिलती है।

                                                       मुख्यमंत्री ने योग शिविर में शामिल होकर स्वामी विवेकानंद की जयंती और छत्तीसगढ़ का महान लोकपर्व छेर-छेरा की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि महापुरूष और योगी दुनिया में एक बड़ा बदलाव लाने का कार्य करता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और योग गुरू स्वामी रामदेव के प्रयासों से दुनिया के 137 देशों में योग को पहुंचाने का कीर्तिमान स्थापित हुआ है। विश्व में 21 जून को योग दिवस के रूप में मनाने का निर्णय पारित हो सका है।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close