बिलासपुर—थर्ड जेंडर का भी परिचय पत्र बनेगा। संयुक्त कलेक्टर आलोक पाण्डेय ने कहा कि शासन ने परिचय पत्र बनाने का निर्णय लिया है। परिचय पत्र के लिए थर्ड जेंडर को कुछ निर्देशों का पालन करना होगा।
आलोक पाण्डेय ने अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि र्थड जेंडर को परिचय पत्र के लिए आवेदन पत्र देना होगा। 10 रूपये के स्टाॅम्प पेपर में थर्ड जेंडर समुदाय के लोगों को नोटरी से प्रमाणिक शपथ पत्र शासन के सामने रखना होगा। शपथ पत्र में थर्ड जेंडर के समुदाय के दो लोगों को गवाही में हस्ताक्षर करना होगा।
संयुक्त कलेक्टर ने बताया कि थर्ड जेंडर व्यक्तियों को आधार कार्ड और दो कलर फोटो आवेदन के साथ देना होगा। संयुक्त संचालक समाज कल्याण के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी मनोवैज्ञानिक के साथ प्रमाणीकरण करेंगे। जांच के बाद थर्ड जेंडर को परिचय पत्र दिया जाएगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि थर्ड जेंडर व्यक्तियों की सूची को राशन कार्ड बनाने खाद्य विभाग को दिया जाएगा। संयुक्त कलेक्टर ने परिचय पत्र दिये जाने के साथ ही सभी थर्ड जेंडर सदस्यों की एच.आईव्ही. टेस्ट करने का सुझाव भी दिया।
बैठक में तृतीय लिंग समुदाय के प्रतिनिधि विजय अरोरा,सुनील कुमार समेत सामाजिक कार्यकता डाॅ. राजीव अवस्थी, मनोवैज्ञानिक लक्ष्मी कुमार जायसवाल, निधि सिंह, प्रशांत मोकासे समेत कई लोग उपस्थित थे।