बिलासपुर— सर्वेश्वरी समूह संस्था के प्रयास से अशोकनगर में मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन किया गया। करीब 2500 से अधिक लोगों ने नामचीन चिकित्सकों से चेकअप कराया। मरीजों के बीच दवाइयों का निशुल्क वितरण किया गया। गभीर मरीजों को अलग से चेकअप और निशुल्क इलाज करने का आश्वासन संंस्था और चिकित्सकों ने दिया।
सामाजिक समरसता और जनकल्याण के लिए समर्पित संस्था सर्वेश्वरी समूह के प्रयास से अशोक नगर में मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन किया गया। जिले के नामचीन चिकित्सकों ने रिकार्ड तोड़ 2500 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जरूरत के अनुसार चिकित्कों के परामर्श पर मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी दी गयीं।
मालूम हो कि आशोक नगर के आस पास क्षेत्र में श्रमिकों का सर्वाधिक निवास होता है। रोजमर्रा की जिन्दगी में उलझे गरीबों का इलाज समय पर नहीं होने से परिवार को भारी परेशानियों का सामना करना पडता है। इन्ही बातों को ध्यान मेंं रखते हुए सर्वेश्वरी समूह ने अशोक नगर में विशाल चिकित्सा कैम्प का आयोजन किया। कैम्प में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। चिकित्सकों ने सभी लोगों का चेकअप सेवा भाव किया।
संस्था प्रभारी भगवान दास ने बताया कि गरीब परिवार अपनी जिन्दगी का एक बहुत बड़ा समय रोजी रोटी की दौड़ में लगा देता है। रोज कमाता है और रोज खाता है। इसके चलते उसके पास अपने लिए न तो समय रहता है और न ही रूपए। यदि समय मिल भी जाता है तो अस्पतालों की लम्बी लाइन खत्म नहीं होती। इसी बात को ध्यान में रखकर अशोक नगर में मेगा चिकित्सा कैम्प का आयोजन किया गया। जिसका लोगों ने भरपूर लाभ उठाया।
स्वास्थ्य शिविर में शहर के नामचीन और विशेषज्ञ डाक्टरों ने मरीजों का चेकअप किया। डॉक्टरों की सेवा भाव को प्रोत्साहित करने मेयर किशोर राय ने कैम्प का दौरा किया। महापौर ने कहा कि सर्वेश्वरी समूह का काम मानवता का दूसरा नाम है। उनकी सेवा भाव को मैं सैल्यूट करता हूं। सर्वेश्वरी समूह की तरह अन्य संस्थाओं को भी कमजोर वर्गों की सेवा में आगे आना चाहिये।
आश्रम प्रभारी भगवान दास ने बताया कि डॉ. राकेश साहू, डॉ आरपी मिश्रा, डॉ श्रीकांत गिरी, डॉ रामकृष्ण कश्यप, डॉ बीआर लालचंदानी, डॉ आलोक सुल्तानिया, डॉ राकेश मित्तल, डॉ अखिलेश देवरस, डॉ ए महंत, डॉ अंजनी पटेल, डॉ खान, डॉ फरहा खान, डॉ प्रभात श्रीवास्तव, डॉ उषा शेंडे समेत बड़ी संख्या में चिकित्सकों ने गरीबों की सेवा कर मानवता को नई ऊचाई दी है।