गौरेला मे शिकायत मिली तो सीएम ने तुरत सील करा दी राशन दुकान

Shri Mi
4 Min Read
gaurela_lsa_aprail♦गौरेला के गौरखेड़ी मे उतारा सीएम का उड़नखटोला
♦भात-चटनी के बदले सीएम ने मजदूर को तोहफे मे दिया कुआं
बिलासपुर।मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह गुरुवार को लोक सुराज अभियान के तहत् बिलासपुर जिले के गौरेला विकासखण्ड के ग्राम गौरखेड़ी हेलीकाप्टर से अचानक उतरें और उन्होंने चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया साथ ही चैपाल लगाकर ग्रामीणों से बातचीत की। मुख्यमंत्री डाॅ. सिंह ने 33 करोड़ रूपये की लागत से निर्माणाधीन सोनकच्छार बांध स्थल का निरीक्षण किया।इस बांध के बनने से क्षेत्र के 541 किसानों के 1600 हेक्टेयर खेतों में सिंचाई की जा सकेगी।फिर मुख्यमंत्री डाॅ. सिंह ने गौरखेड़ी में महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना के तहत् चल रहे डबरी निर्माण को देखने पहुंचें। यहां पर काम कर रहे मजदूरों से मजदूरी भुगतान के बारे में पूछा और मनरेगा मस्टर रोल को भी देखा।मनरेगा के तहत् बन रहे डबरी देखने के बाद मुख्यमंत्री ने पलाश पेड़ के नीचे चौपाल लगा ली।
                              मुख्यमंत्री ने 10 लोगों के लिए कुआं बनाने और सफल होने पर सोलर पंप स्थापित करने, उज्वला योजना के तहत् रसोई गैस कनेक्शन, गौरखेड़ी के छूटे हुए पांच मोहल्ले में विद्युतीकरण, प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला में बाउण्ड्रीवाल, भैनामुड़ा में सीसी रोड, सोन नाला में पुलिया निर्माण की घोषणा की।मुख्यमंत्री डाॅ. सिंह ने गौरखेड़ी महिला स्व सहायता समूह द्वारा संचालित राशन दुकान की ग्रामीणों द्वारा शिकायत मिलने पर दुकान को सील करने और ग्रामीणों की मांग पर सहकारी समिति लैम्प्स को देने के लिए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
                          मौके पर मुख्यमंत्री डाॅ. सिंह ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए उज्वला योजना, शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य स्मार्ट कार्ड के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि पात्र सभी हितग्राही बनवा लें। इसके लिए मुख्यमंत्री ने शिविर लगाने के निर्देश दिये। ताकि सभी ग्रामीण स्मार्ट कार्ड बनवा सके। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश के 45 लाख परिवारों को स्मार्ट फोन देंगे। इसके लिए टावर भी लगेगा। मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव विवेक ढांढ, मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव रजत कुमार, संचालक जनसंपर्क राजेश कुमार टोप्पो मौजूद थे। इस अवसर पर कलेक्टर
अन्बलगन पी., पुलिस अधीक्षक श्री मयंक श्रीवास्तव, एसडीएम एवं ग्रामीणजन मौजूद थे।
                        मुख्यमंत्री फिर ग्राम गौरखेड़ी में लोक सुराज अभियान के तहत् पैदल नाला पार करके मनरेगा का काम देखने पहुंचें। निर्माणाधीन डबरी के मेड़ पर पोटली देखकर रमन सिंह ने पूछा कि इसमें क्या है ? तब मनरेगा मजदूर उर्मिला कोर्राम पति सुखलाल ने बताया कि भात और अमारी की चटनी है। उर्मिला ने मुख्यमंत्री डाॅ. सिंह को अमारी भाजी, चटनी और भात खिलायायी।मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत स्वादिष्ट बना है। उन्होंने बताया कि मै बचपन से ही भाजी खाना बहुत पसंद करता हूं।
                        मुख्यमंत्री डाॅ. सिंह ने उर्मिला से कहा कि इसके बदले आपको क्या चाहिए। उर्मिला ने बताया कि उसे कुआं चाहिए। जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल कुआं स्वीकृत किया और कहा कि कुआं बनने के बाद सोलर पंप भी दिया जायेगा। इसके साथ ही बिजली के लो-वोल्टेज की समस्या को दूर करने गांव में ट्रांसफार्मर लगाने की भी बात कही।
By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close