लोकसुराज:सीएम के तीखे तेवर,एक दिन मे 3 सस्पैंड,2 को शो काज नोटिस

Shri Mi
4 Min Read

cm_gaurela_aprail_file♦महिला बाल विकास की सेक्टर सुपरवाईजर सस्पैंड
♦अवैध शराब मामले में थाना प्रभारी भी सस्पैंड

रायपुर।मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह राज्य के कई जिलों का दौरा कर रहे हैं और छापामार शैली में कई गांवों में अचानक पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जमीनी समीक्षा भी कर रहे है।इसी क्रम मे सीएम द्वारा योजनाओं में गड़बड़ी की शिकायतों पर के तीखे तेवर भी देखे जा रहे हैं।डॉ रमन ने बुधवार को सरायपाली के ग्राम जम्हारी में सड़क निर्माण और मरम्मत में लापरवाही की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग के एक अनुविभागीय अधिकारी को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया।वहीं सूरजपुर जिले में सीएम के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग की सेक्टर प्रभारी को निलंबित किया गया है और अवैध शराब के मामले में थाना प्रभारी पर भी निलंबन की कार्रवाई की गई है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                           बता दें कि प्रदेश व्यापी लोक सुराज अभियान के तहत आदिवासी बहुल सूरजपुर जिले में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के सघन दौरे के बाद वहां भी प्रशासनिक काम-काज में काफी कसावट देखी जा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर पांच दिनों के भीतर प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई के बारे में कलेक्टर सूरजपुर ने मुख्यमंत्री सचिवालय को विस्तृत रिपोर्ट भेजी है। डॉ. रमन सिंह सरगुजा राजस्व संभाग के इस जिले के सीमावर्ती ओड़गी विकासखण्ड के ग्राम चांदनी-बिहारपुर में लगभग पांच दिन पहले सात अप्रैल को समाधान शिविर में शामिल हुए थे।

                         पोषण आहार वितरण में अनियमितता की शिकायत पर जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुरूप सम्पूर्ण मामले की जांच की गई और प्रथम दृष्टि में दोषी मिली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अंजू जायसवाल को सेवा से अलग करने नोटिस जारी किया गया है।इसके साथ ही आंगनबाड़ी सेवाओं की देखभाल के लिए कार्यरत सेक्टर सुपरवाईजर श्रीमती कौशल्या टेकाम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है,वहीं एकीकृत बाल विकास परियोजना (आई.सी.डी.एस.) के प्रोजेक्ट अधिकारी महेश मरकाम और सूरजपुर की जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रियंका ठाकुर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वर्तमान में ओड़गी विकासखण्ड में संचालित सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में पूरक पोषण आहार (रेडी-टू-इट) का वितरण नियमित रूप से किया जा रहा है।

                      आम सभा में मुख्यमंत्री को ग्रामीणों ने बताया था कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बिहारपुर में एक पूर्णकालिक डॉक्टर की आवश्यकता है, जिस पर उन्होंने जिला प्रशासन को तत्काल डॉक्टर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे। कलेक्टर सूरजपुर की रिपोर्ट के अनुसार वहां एम.बी.बी.एस. डॉक्टर प्रमोद राठौर को ड्यूटी करने के लिए आदेश जारी कर दिया गया है। जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मचारियों की नियुक्ति अंतिम चरण में हैं। क्षेत्र के उप स्वास्थ्य केन्द्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में एक सप्ताह के भीतर उनकी पदस्थापना कर दी जाएगी।

                       मुख्यमंत्री को बिहारपुर में आयोजित सभा में इलाके में अवैध शराब का कारोबार जारी रहने की भी शिकायत मिली थी, जिस पर डॉ. सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया था और पुलिस अधीक्षक को बिहारपुर के थाना प्रभारी दधीबल प्रसाद साहू के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही बिहारपुर क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों की धरपकड़ के लिए पुलिस और आबकारी अधिकारियों द्वारा छापामार अभियान भी चलाया जा रहा है।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close