रायपुर।प्रदेश के दूर-दराज अंचल में बेहतर आवागमन के लिए कवर्धा से सिमगा तक राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण का काम तेजी से किया जा रहा है। लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत ने सोमवार को बताया कि लगभग 71 किलोमीटर लम्बाई वाले इस सड़क का उन्नयन 280 करोड़ 80 लाख रूपए की स्वीकृत राशि से किया जा रहा है।विभाग से बन रहे सड़क में अब तक लगभग 250 करोड़ रूपए की राशि व्यय की जा चुकी है।कवर्धा से सिमगा तक राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-12 ए के किलोमीटर 246 से 317 तक का दो लेन मय पेव्हड शोल्डर उन्नयन और चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। इस सड़क में सुगम यातायात के लिए 4.3 किलोमीटर लम्बाई के बेमेतरा बायपास मार्ग और 2.3 किलोमीटर लम्बाई के सिमगा बायपास मार्ग के निर्माण का भी प्रावधान रखा गया है।
अभी कवर्धा से सिमगा सड़क के उन्नयन कार्य को विशेष गति देते हुए शिवनाथ नदी पर एक वृहद पुल और मार्ग में स्वीकृत चार नग छोटे पुल तथा 40 नग पुलिया निर्माण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसके अलावा मार्ग में एक नग ट्रक लेबाई का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है। इसमें निर्माणाधीन 24 नग बस-वे में से अब तक 12 नग बस-वे का निर्माण पूरा हो चुका है।