सड़को की धीमी प्रगति पर मंत्री हुए नाराज़,अधिकारियों को लगाई फटकार

Shri Mi
3 Min Read

रायपुर।लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत ने सोमवार को नया रायपुर सहित राजधानी का भ्रमण किया और यहां विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यो का मौके पर जाकर सघन निरीक्षण किया।मंत्री ने निर्माण कार्यो में तेजी लाने के लिए विभाग के उप अभियंता से लेकर प्रमुख अभियंता को मौका निरीक्षण के लिए सख्त निर्देश दिए। मूणत ने इनमें राजधानी रायपुर में कई कार्यो स्काई वॉक तथा कोटा स्टेडियम, रेल्वे अण्डर ब्रिज गोगांव सहित विभिन्न मार्गो का चौड़ीकरण और नया रायपुर में लोक निर्माण के विभागाध्यक्ष भवन की प्रगति की जानकारी ली।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                   मूणत ने रायपुर में निर्माणाधीन रेल्वे ओव्हर तथा अण्डर ब्रिज और सड़कों के चौड़ीकरण में धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार भी लगाई।

                       इनमें खासकर शंकर नगर रेल्वे ओव्हर ब्रिज, गोगांव रेल्वे अण्डर ब्रिज, काशीराम नगर फ्लाई ओव्हर, रामनगर कोटा नगर और गुढ़ियारी-गोंदवारा मार्ग, आमापारा से गुढ़ियारी मार्ग के चौड़ीकरण में अपेक्षित गति लाने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

                        मूणत ने सबसे पहले रायपुर शहर के शास्त्री चौक पर स्काई वॉक के निर्माण का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इसके निर्माण के दौरान यातायात किसी तरह बाधित ना हो, इसका विशेष ध्यान रखें। उन्होंने स्काई वॉक निर्माण में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के लिए हमेशा एक उप अभियंता की ड्यूटी लगाने के भी निर्देश दिए।

                          आम जनता की सुविधा और सुगम यातायात के लिए शास्त्री चौक पर शास्त्री चौक से जिला एवं सत्र न्यायालय भवन की ओर, कलेक्टर कार्यालय की ओर, घड़ी चौक की ओर, डी के अस्पताल, मोतीबाग चौक की ओर तथा अम्बेडकर अस्पताल की ओर स्काई वॉक का निर्माण किया जा रहा है। इसकी कुल लम्बाई एक हजार 495 मीटर है।

                     राजेश मूणत ने नया रायपुर स्थित सेक्टर 19 में लोक निर्माण के निर्माणाधीन विभागध्यक्ष भवन का भी निरीक्षण किया। लगभग साढ़े 21 करोड़ रूपए की लागत से बनाए जा रहे विभागध्यक्ष भवन का निर्माण कार्य पूर्णता की ओर है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सड़क विकास प्राधिकरण के प्रबंध संचालक श्री अनिल राय और लोक निर्माण विभाग के विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article
By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close