बिलासपुर को स्मार्ट सिटी बनाने की शुरूआत ,शहर में लगेंगे एक लाख पौधे

Chief Editor
3 Min Read

haritबिलासपुर  । नगरीय प्रशासन, उद्योग एवं वाणिज्यिक कर मंत्री  अमर अग्रवाल ने शनिवार को  हरित बिलासपुर हर्षित बिलासपुर महाभियान का शुभारंभ किया। श्री अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर को स्मार्ट शहर बनाने के लिए यह शुरूआत है। शहर को हराभरा करने का काम केवल प्रशासन या जनप्रतिनिधि नहीं कर सकता है, बल्कि यह शहर के एक-एक व्यक्ति के सहयोग से हो सकता है।
बिलासपुर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए शहर को हराभरा बनाया जायेगा। एक लाख पौधे शहर में रोपेें जायेंगे। इस महाभियान की शुरूआत रीवर व्यू रोड में श्री अग्रवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नया रायपुर और रायपुर के साथ बिलासपुर भी देश के 100 स्मार्ट शहरों में शामिल हुआ है। स्मार्ट शहर की पहली प्राथमिकता है कि वह शहर प्रदूषण मुक्त हो। बिना हरित क्रांति के शहर प्रदूषण मुक्त नहीं हो सकता। बिलासपुर को हरित बिलासपुर करना स्मार्ट सिटी बनाने की शुरूआत है। शहर के हर वार्ड के नागरिक अपने वार्ड को हराभरा करना चाहते हैं। यह बहुत प्रसंशनीय है। इस अभियान में स्कूली बच्चों के साथ सभी नागरिकोें को शामिल किया जायेगा। हर वार्ड में अभियान चलाया जायेगा। ट्री गार्ड, पेड़ की व्यवस्था की जायेगी। लोगों से शपथ पत्र भराया जायेगा। जनजागरण कर हरित बिलासपुर की कल्पना को पूर्ण करेंगे। बिलासपुुर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए 8 हजार करोड़ रूपये खर्च किये जाने की योजना है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधानसभा उपाध्यक्ष  बद्रीधर दीवान ने कहा कि आज गांवों की दुर्दशा हो रही है। लाखों पेड़ काटे जा रहे है। पेड़ों के अभाव में पानी की कमी हो रही है, जिससे फसल प्रभावित हो रहा है। बिलासपुर में पहले जंगल हुआ करता था। जो आज मैदान बन चुका है। वृक्ष लगाना और उसकी रखवाली करने का संकल्प करना होगा। तभी वृक्षारोपण की सार्थकता है।

इस मौके पर   संभागाीय कमिश्नर टी.सी. महावर     और महापौर किशोर राय ने भी अपनी बात रखी। शुरूआत में निगम आयुक्त सौमिल रंजन चौबे ने स्वागत भाषण दिया।  कार्यक्रम के प्रारंभ में सभी को शपथ दिलाई की हरित बिलासपुर की मुहिम के अंतर्गत हर व्यक्ति अपने द्वारा रोपें गये पौधे को संरक्षित करने का प्रयास करेगा।
मोबाईल वेन को हरी झण्डी दिखाई
नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अग्रवाल ने चार मोबाईल वेन को हरी झण्डी दिखाई। इस वेन के माध्यम से शहर के हर वार्ड में घर-घर पौधे बांटे जायेंगे और लोगों को पौधरोपण कर इसे संरक्षित करने की जवाबदारी दी जायेगी। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों में आयोजित ड्राईंग पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को पुरस्कार वितरण किया गया। श्री अग्रवाल एवं अन्य अतिथियों ने रीवर व्यू रोड के किनारे पौधें लगाकर वृक्षारोपण के महाभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नगर निगम के पार्षदगण, अधिकारी, विभिन्न स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

close