बिलासपुर— शहर को हरियर बनाने का संकल्प स्थानीय लोगों ने लिया है। संकल्प लेने वाली बातों को सुनकर खुशी होती है…लेकिन पौधरोपण मात्र से पौधा पेड़ नहीं बन जाता है। पौधों को पेड़ बनाने के लिए सुरक्षा की जरूरत होती है। जब तक पौधों को संवर्धन के साथ संरक्षण नहीं मिलेगा…। पौधरोपण अभियान का कोई अर्थ नहीं होगा। संकल्प को परवान तक पहुचाने के लिए सभी नागरिकों को एक भावना से पौधों का संरक्षण करना होगा। यह बातें नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल ने छठघाट बिलासपुर में पाटलीपुत्र संस्कृति विकास मंच के पौधरोपण कार्यक्रम में कही।
निकाय मंत्री ने कहा कि प्रदेश के मुखिया डाॅ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ में 8 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य रखा है। हरियर छत्तीसगढ़ योजना के तहत प्रदेश को हरा भरा बनाने का संकल्प लिया है। इसी क्रम में बिलासपुर जिले में भी बडी संख्या में पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। जनसहयोग से जगह जगह पौधरोपण उत्सव मनाया जा रहा है।
अमर अग्रवाल ने कहा कि सिर्फ पौधे लगाने से हमारी जिम्मेदारी खत्म नहीं हो जाती है…बल्कि बढ़ जाती है। पौधों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देनेकी जरूरत है। उम्मीद है कि आज हम लोगों ने जो भी पौधे लगाए हैं…भविष्य में पेड़ के रूप में देखने को मिलेंगे। अमर अग्रवाल ने कहा छठघाट के व्यवस्थित विकास में हर संभव मदद करेंगे।
विधानसभा उपाध्यक्ष बद्रीधर दीवान ने पर्यावरण संतुलन के लिए पौधरोपण अभियान को जरूरी बताया। दीवान ने छठघाट व्यवस्थित विकास के लिए 2 लाख रूपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम को महापौर किशोर राय ने भी संबोधित किया।
अतिथियों ने आम , कदम , सतवन, नीम, जामुन, आवँला, टेरमेरी, चम्पा कुल 30 पौधे लगाए। पौधों को जानवरों से बचाने कटी तार की फेन्सिग पहले ही हो चुकी है। प्रवीण झा कार्यक्रम के बाद धन्यवाद और आभार प्रकट किया। पौधरोपण अभियान को सफल बनाने में एस• पी• सिंह, प्रवीण झा, डा• धर्मेंद्र दास, ए.के कण्ठ, धनंजय झा , आनंद मोहन मिश्रा, अभय नारायण राय, राम प्रताप सिंह ने विशेष योगदान दिया।