प्रशासन ने फिर रोका कांग्रेस का रास्ता….

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

Untitled_0138 127बिलासपुर—- जिला कांग्रेस जांच कमेटी ने आज कोटा विधानसभा क्षेत्र के नान गोदाम और धान संग्रहण केन्द्र का भौतिक सत्यापन किया। कांग्रेस कमेटी को यहां भी प्रशासन के विरोध का सामना करना पड़ा। धान संग्रहण केन्द्र में सत्यापन के बाद नान गोदम पहुंचने पर कांग्रेसियों को स्थानीय प्रशासन ने अन्दर प्रवेश नहीं करने दिया। इस दौरान कांग्रेसियों ने स्थानीय प्रशासन और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जबरदस्ती गोदाम के भीतर पहुंचने का प्रयास किया। लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम के बीच कोई भी कांग्रेसी अपने मंसूबों में सफल नहीं हुआ।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                 दोपहर एक बजे जिला कांग्रेस अध्यक्ष ग्रामीण राजेन्द्र शुक्ला की अगुवाई में आज कांग्रेस की नान घोटाला जांच कमेटी कोटा स्थित नान गोदाम और धान संग्रहण केन्द्र के भौतिक सत्यापन के लिए पहुंची। इस दौरान कांग्रेस का कोई भी विधायक शामिल नहीं हुआ। मालूम हो कि आज रायपुर में कांग्रेस विधायक दल की बैठक थी । जिसके चलते बिल्हा विधायक सियाराम कौशिक मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया कोटा विधायक ,रेणु जोगी और मरवाही विधायक अमित जोगी जांच कमेटी में शामिल नहीं हुए।

                      बिल्हा,देवरीखुर्द के बाद कोटा नान गोदाम में भी कांग्रेस जांच कमेटी को प्रशासन ने प्रवेश नहीं करने दिया। कांग्रेसियों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय प्रशासन ने गोदाम के आस पास पुलिस का सख्त पहरा लगा रखा था। इस दौरान प्रशासन के सामने कांग्रेसियों की एक भी नहीं चली। अंत में स्थानीय पुलिस को चालिस से अधिक कांग्रेसियों को गिरफ्तार करना पड़ा। करीब दो घंटे बाद उन्हें छोड़ भी दिया।

        जिला अध्यक्ष राजेन्द्र शुक्ला ने बताया कि कोटा धान संग्रहण केन्द्र के सत्यापन के बाद जो कुछ सामने आ रहा है उससे जाहिर होता है कि हमारी उम्मीदों से कहीं ज्यादा नान घोटाले में गड़बड़ी है। एक तरफ गरीब दाने दाने को मोहताज हैं। भूखे मर रहे हैं। दूसरी तरफ कोटा के धान संग्रहण में धान सड़ रहे हैं। शुक्ला ने बताया कि धान सड़ नहीं रहे बल्कि शराब माफियों के लिए सड़ाए जा रहे हैं। अमानक धान जितने बताए जा रहे हैं उससे कहीं ज्यादा धान अधिकारी पचा गए हैं। गोदाम में भी औसत से कम धान की जानकारी है। अधिकारियों ने सरकार से मिली भगत कर धान को बेंच दिया है। इसलिए गोदाम का भौतिक सत्यापन नहीं करने दिया जा रहा है। इस दौरान कोटा विधायक प्रतिनिधि अरूण चौहान अन्य कांग्रेस नेता भी उपस्थित थे।

Share This Article
close