बिलासपुर—जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ नेताओं का विधानसभावार छत्तीसगढ़िया अधिकार यात्रा के बहाने धुआंधार जनसम्पर्क अभियान चल रहा है। अधिकार यात्रा एक नवम्बर से शुरू होकर 45 दिनों के बाद खत्म होगी। जोगी कांग्रेस के संभावित विधानसभा उम्मीदवार अपने अपने क्षेत्रों में सघन अभियान के दौरान जनता के बीच जोगी का संदेश बांट रहे हैं। बेलतरा विधानसभा में अनिल टाह घर घर पहुंच ग्रामीणों के साथ जीवन्त संबध स्थापित कर रहे हैं।
बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में अधिकार यात्रा के नवें दिन अनिल टाह ने आदिवासी बाहुल्य गांव कडरी, धौरामुड़ा का भ्रमण किया। पदयात्रा के दौरान अनिल टाह ने कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर छत्तीसगढ़िया अधिकार पत्र और अजीत जोगी का शपथ-पत्र बांटा। ग्रामीणों के साथ हक-अधिकार की चर्चा की। वर्तमान सरकार की नाकामियों के बारे में भी बताया। कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़िया अधिकार यात्रा का स्टीकर भी चिपकाया।
आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र धौरामुड़ा और कडरी में पदयात्रा के दौरान अनिल टाह बुजुर्गों से भी रूबरू हुए। बुजुर्ग ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 5-6 महीने से निराश्रितों और वृद्धों को पेंशन नहीं मिला है। कडरी के धनुहार मोहल्ला के लोगों ने बताया कि 6 -7 महीने से आवास के लिए चक्कर काट रहे हैं। अभी तक मकानों का आवंटन नहीं किया गया है।
अधिकार यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने अनिल टाह का शानदार अंदाज में स्वागत किया। दर्जनों की संख्या में महिलाओं और पुरूषों ने जनता कांग्रेस में आस्था जाहिर करते सदस्यता भी ली। इस दौरान अनिल टाह ने ग्रामीणो को बताया कि प्रदेश में इस समय फोटोकाॅपी और आॅनलाईन की सरकार चल रही है।